Akshay Kumar Upcoming Movie : फिल्म ‘सामुक’ का पहला लुक जारी, खतरनाक एलियन से होगी भिड़ंत; इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक
Akshay Kumar Samuk Movie : बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार एक बार फिर दर्शकों के सामने कुछ नया और रोमांचक लेकर आने वाले हैं। इस बार अभिनेता एलियन एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘सामुक’ में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। कुछ महीने पहले इसकी शूटिंग शुरू हुई थी और अब मेकर्स ने फिल्म का पहला लुक वीडियो जारी कर दिया है। सामने आए टीजर में अक्षय कुमार का अंदाज काफी रहस्यमयी दिखाई दे रहा है। साथ ही एक खौफनाक दानव जैसे जीव की झलक भी देखने को मिली है।
अंधेरी गुफा में हथियार लेकर नजर आए अक्षय कुमार
फिल्म के फर्स्ट लुक वीडियो में एक रहस्यमयी और डरावने जीव का हाथ दिखाया गया है, जो किसी विशाल राक्षस जैसा नजर आता है। वहीं दूसरी ओर अक्षय कुमार एक अंधेरी गुफा में अकेले दिखाई देते हैं। उनके हाथ में एक अनोखे डिजाइन का हथियार है, जो फिल्म की कहानी में किसी खास मिशन की ओर इशारा करता है।वीडियो में दिखाए गए दृश्यों से अंदाजा लगाया जा रहा है कि अक्षय कुमार फिल्म में एक ऐसे शिकारी की भूमिका निभा सकते हैं, जिसका सामना किसी खतरनाक एलियन या रहस्यमयी जीव से होने वाला है।
मेकर्स ने दिलचस्प कैप्शन के साथ बढ़ाया सस्पेंस
फिल्म का फर्स्ट लुक साझा करते हुए निर्माताओं ने लिखा, "एक शिकारी, एक मिशन। एक ऐसी लड़ाई, जिसका कोई नियम नहीं है।" मेकर्स के इस कैप्शन ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। इससे संकेत मिलते हैं कि फिल्म में जबरदस्त एक्शन, रहस्य और रोमांच देखने को मिल सकता है।
दोपहर 2:07 बजे होगा फिल्म से जुड़ा बड़ा खुलासा
फर्स्ट लुक वीडियो के साथ निर्माताओं ने एक और खास जानकारी साझा की है। उन्होंने अपने पोस्ट में बताया कि ‘सामुक’ का अनावरण दोपहर 2 बजकर 7 मिनट पर किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस समय फिल्म से जुड़ा कोई बड़ा अपडेट या विशेष वीडियो दर्शकों के सामने पेश किया जा सकता है।
28 मई 2027 को रिलीज होगी ‘सामुक’
अक्षय कुमार की इस फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया है। ‘सामुक’ 28 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। एलियन और एक्शन-थ्रिलर की दुनिया में अक्षय कुमार का यह नया अंदाज दर्शकों के लिए कितना खास साबित होगा, यह तो फिल्म के अगले अपडेट और रिलीज के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल इसके फर्स्ट लुक ने फिल्म को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं।
