अल्लू अर्जुन की झोली में आई एक और बड़ी फिल्म, बोयापति श्रीनु के साथ माइथोलॉजिकल प्रोजेक्ट की तैयारी
‘राका’ और लोकेश कनगराज की फिल्म के बाद नए अवतार में नजर आ सकते हैं पुष्पा स्टार, गीता आर्ट्स करेगी निर्माण
साउथ सिनेमा के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन इन दिनों निर्देशक एटली की मेगा बजट फिल्म ‘राका’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म में बड़े स्तर पर वीएफएक्स का इस्तेमाल किए जाने की चर्चा है। इसे एक भव्य और अलग तरह का सिनेमाई प्रोजेक्ट बताया जा रहा है। फिल्म अगले साल रिलीज होने की उम्मीद है। इसी बीच अल्लू अर्जुन के खाते में एक और बड़े प्रोजेक्ट की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि अभिनेता अब माइथोलॉजिकल यानी पौराणिक पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म में भी नजर आ सकते हैं।
बोयापति श्रीनु के साथ बनेगी नई फिल्म
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘राका’ के बाद अल्लू अर्जुन साउथ के चर्चित निर्देशक लोकेश कनगराज के साथ एक फिल्म करेंगे, जिसकी घोषणा पहले ही हो चुकी है। इस प्रोजेक्ट के बाद वह निर्देशक बोयापति श्रीनु के साथ पौराणिक विषय पर आधारित फिल्म शुरू कर सकते हैं। गल्टे की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस फिल्म की आधिकारिक घोषणा जल्द हो सकती है।
पैन इंडिया स्तर पर बनेगी फिल्म
रिपोर्ट के अनुसार, यह तेलुगु मूल की कहानी पर आधारित पैन इंडिया फिल्म होगी, जिसकी पृष्ठभूमि पौराणिक होगी। हालांकि, फिलहाल फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि अल्लू अर्जुन को फिल्म का विचार और कहानी काफी पसंद आई है। कहानी सुनने के बाद उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए अपनी सहमति दे दी है।
गीता आर्ट्स संभालेगी निर्माण की जिम्मेदारी
इस फिल्म की एक खास बात यह भी बताई जा रही है कि इसका निर्माण अल्लू अर्जुन और उनके पिता से जुड़ी प्रोडक्शन कंपनी गीता आर्ट्स करेगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता कहानी से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने खुद इस प्रोजेक्ट के निर्माण की जिम्मेदारी लेने का फैसला किया। फिलहाल फिल्म की आधिकारिक घोषणा, कलाकारों और रिलीज डेट का इंतजार है। अगर यह प्रोजेक्ट तय योजना के मुताबिक आगे बढ़ता है, तो दर्शकों को अल्लू अर्जुन एक नए पौराणिक अवतार में देखने को मिल सकते हैं।
