अनिल कपूर ने सुनाया जवानी का मजेदार किस्सा, बोले- ‘बेगानी शादी में अनिल कपूर दीवाना!’
घर बैठे दर्शक भी खेल सकेंगे गेम
इस शो की खास बात यह है कि इसका रोमांच केवल स्टूडियो तक सीमित नहीं रहेगा। जियोहॉटस्टार के ‘प्ले अलॉन्ग’ फीचर के जरिए दर्शक भी अपने घर से रियल टाइम में सवालों के जवाब देकर गेम का हिस्सा बन सकेंगे। इसके साथ ही दर्शकों के लिए स्मार्टफोन और स्मार्ट टीवी सहित आकर्षक पुरस्कार जीतने का अवसर भी रखा गया है।
तिलक नगर के दिनों को याद कर अनिल कपूर ने सुनाया किस्सा
शो के दौरान अनिल कपूर ने अपने पुराने दिनों की एक मजेदार याद साझा की। उन्होंने चेंबूर के तिलक नगर में बिताए बचपन और युवावस्था के दिनों को याद करते हुए बताया कि उस दौर में वह अपने दोस्तों के साथ बिना निमंत्रण शादियों में पहुंच जाया करते थे।
अभिनेता ने मजाकिया अंदाज में बताया कि उनके इलाके में अक्सर छोटी-बड़ी शादियां होती थीं और वह दोस्तों के साथ वहां पहुंच जाते थे। उनका मकसद खास तौर पर शादी में मिलने वाले गोल्ड स्पॉट और मैंगोला जैसे सॉफ्ट ड्रिंक का आनंद लेना होता था।उन्होंने बताया कि दोस्त शादी में ऐसे दाखिल होते थे, जैसे वे बाकायदा आमंत्रित मेहमान हों। अंदर पहुंचने के बाद सीधे ड्रिंक काउंटर का रुख करते और कई बोतलें पी जाते थे।
‘बेगानी शादी में अनिल कपूर दीवाना’
अपने इस किस्से को अनिल कपूर ने बेहद मजेदार अंदाज में पेश किया। मशहूर कहावत ‘बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना’ का जिक्र करते हुए उन्होंने मजाक में कहा कि उनके मामले में इसे बदलकर ‘बेगानी शादी में अनिल कपूर दीवाना’ किया जाना चाहिए।
अनिल कपूर की यह कहानी शो के प्रीमियर में मनोरंजन का एक खास पल बनने वाली है। अब देखना दिलचस्प होगा कि प्रतियोगी सामान्य ज्ञान और रोजमर्रा की समझ पर आधारित सवालों के बीच टॉप 1% तक पहुंचने में कितना सफल होते हैं।‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ का ग्रैंड प्रीमियर आज रात 8 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होगा।
