छठ पूजा के रंग में रंगी आयुष्मान खुराना की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया', रिलीज हुआ भावुक कर देने वाला गीत 'बुलाए छठी मां'

Ayushmann Khurrana’s film 'Ye Prem Mol Liya' embraces the spirit of Chhath Puja; a poignant song, 'Bulaye Chhathi Maa', has been released.
 
Ayushmann Khurrana’s film 'Ye Prem Mol Liya'

Ayushmann Khurrana-Sharvari: छठ महापर्व से पहले आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का नया गाना 'बुलाए छठी मां' रिलीज हो गया है। श्रेया घोषाल और केशव आनंद की आवाज में सजे इस गीत में छठ पूजा की आस्था, पारिवारिक एकजुटता और परंपराओं की झलक देखने को मिल रही है।

छठ महापर्व की तैयारियों के बीच बॉलीवुड में भी इस पर्व की छटा दिखाई देने लगी है। आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की आगामी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' के निर्माताओं ने छठ पूजा को समर्पित गीत 'बुलाए छठी मां' जारी किया है। गाने में दोनों कलाकार अपने परिवार के साथ छठ पूजा करते नजर आ रहे हैं। गीत के जरिए पर्व की श्रद्धा और भावनात्मक जुड़ाव को पर्दे पर उतारने की कोशिश की गई है।

बुलाए छठी मां' को मिल रही दर्शकों की सराहना

फिल्म के निर्माताओं ने गाने को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, 'कुछ त्योहार धूमधाम से मनाए जाते हैं तो कुछ पूरे दिल से।' इसके साथ दर्शकों को फिल्म के जरिए छठ पूजा की आत्मीयता महसूस करने का संदेश दिया गया।

श्रेया घोषाल और केशव आनंद ने इस गीत को अपनी आवाज दी है। रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों ने गाने की तारीफ की और छठी मैया के प्रति अपनी आस्था जाहिर की। गीत में पूजा की पारंपरिक छवियों और परिवार के साथ पर्व मनाने के भाव को प्रमुखता दी गई है। इससे पहले फिल्म का गाना 'सावन आया है' भी रिलीज किया गया था, जिसे दर्शकों से अच्छा प्रतिसाद मिलने की बात कही गई थी।

सूरज बड़जात्या और हिमेश रेशमिया की जोड़ी फिर साथ

'ये प्रेम मोल लिया' का निर्देशन सूरज आर. बड़जात्या ने किया है। फिल्म का निर्माण राजश्री प्रोडक्शंस ने महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर किया है। इस प्रोजेक्ट के जरिए सूरज बड़जात्या और संगीतकार हिमेश रेशमिया एक बार फिर साथ आए हैं। फिल्म को पारिवारिक मनोरंजन के रूप में पेश किया जा रहा है। इसमें रिश्तों, भावनाओं और भारतीय परंपराओं को खास जगह दी गई है।

27 नवंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। छठ पूजा पर आधारित गीत के रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ने की उम्मीद है।

आयुष्मान की एक और फिल्म 'मुपापा' भी चर्चा में

'ये प्रेम मोल लिया' के अलावा आयुष्मान खुराना की आगामी फिल्मों में 'मुपापा' भी शामिल है। इस फिल्म में उनके साथ श्रेया चौधरी नजर आएंगी। समीर सक्सेना के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का निर्माण यश राज फिल्म्स के सीईओ अक्षय विधानी और पोशम पा पिक्चर्स कर रहे हैं। फिल्म 19 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Tags