'बिग बॉस 20' का हुआ आधिकारिक ऐलान, सलमान खान फिर करेंगे होस्टिंग, मेकर्स ने जारी किया नया आई-लोगो
सितंबर में हो सकता है शो का आगाज
हालांकि मेकर्स ने अभी तक 'बिग बॉस 20' की प्रीमियर डेट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक शो की शुरुआत सितंबर 2026 में हो सकती है। यह सीजन पहले की तरह कलर्स टीवी पर प्रसारित होगा, जबकि ऑनलाइन दर्शक इसे जियोहॉटस्टार पर भी देख सकेंगे।
नए सीजन की घोषणा करते हुए जियोहॉटस्टार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया और लिखा कि दो दशक पूरे करने के बाद भी यह शो अपनी लोकप्रियता बनाए हुए है और जल्द नए सीजन के साथ लौट रहा है।
नए लोगो ने बढ़ाया फैंस का उत्साह
'बिग बॉस' की पहचान बन चुका आई-लोगो इस बार नए अंदाज में पेश किया गया है। लोगो सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने सलमान खान की वापसी पर खुशी जताई, जबकि कुछ ने नए सीजन में दमदार कंटेस्टेंट्स देखने की उम्मीद व्यक्त की।फैंस का कहना है कि शो का 20वां सीजन पहले से ज्यादा मनोरंजक और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाना चाहिए।
पहली बार छह भाषाओं में होगा एक साथ लॉन्च
इस बार 'बिग बॉस' फ्रेंचाइजी एक बड़े बदलाव के साथ लौट रही है। मेकर्स ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि नया सीजन हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और बांग्ला सहित छह भाषाओं में एक साथ लॉन्च किया जाएगा। यह अब तक का सबसे बड़ा मल्टी-लैंग्वेज रोलआउट माना जा रहा है।सभी संस्करण जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होंगे, जबकि संबंधित टीवी नेटवर्क पर भी प्रसारित किए जाएंगे।
अलग-अलग भाषाओं के लिए लौटेंगे ये स्टार होस्ट
हिंदी संस्करण में सलमान खान एक बार फिर होस्ट की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं तमिल में विजय सेतुपति, तेलुगु में नागार्जुन, कन्नड़ में किच्चा सुदीप और मलयालम में मोहनलाल दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे। इस बार बांग्ला संस्करण की कमान पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली को सौंपी गई है, जो पहली बार इस फ्रेंचाइजी से जुड़ रहे हैं। 'बिग बॉस 20' की घोषणा के साथ ही फैंस की उत्सुकता काफी बढ़ गई है। अब सभी की नजरें शो की आधिकारिक प्रीमियर डेट, थीम और कंटेस्टेंट्स की सूची पर टिकी हैं।
