Bigg Boss 20 Premiere: सलमान खान ने किया ग्रैंड प्रीमियर, माही विज से मैरी कॉम और आम्रपाली दुबे तक 16 कंटेस्टेंट्स की एंट्री

Bigg Boss 20 Premiere: Salman Khan hosts the grand premiere; 16 contestants enter, ranging from Mahhi Vij and Mary Kom to Amrapali Dubey.
 
Bigg Boss 20 Premiere

Bigg Boss 20 Premiere: छोटे पर्दे के सबसे चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस 20’ का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। सुपरस्टार सलमान खान ने 6 सितंबर 2026 को शो के 20वें सीजन का ग्रैंड प्रीमियर होस्ट किया। प्रीमियर के साथ ही एक-एक करके शो के कंटेस्टेंट्स ने बिग बॉस के घर में कदम रखा। इस बार टीवी, भोजपुरी सिनेमा, म्यूजिक, सोशल मीडिया, स्पोर्ट्स और रियलिटी टीवी की दुनिया से कई चर्चित चेहरे शो का हिस्सा बने हैं।

प्रीमियर एपिसोड में माही विज, मैरी कॉम, आम्रपाली दुबे, कनिका मान, काजी तौकीर, आसिफ खान, ईशा रिखी, रोहेद खान, Yung DSA, तन्मय ‘ScoutOP’ सिंह, अरशिफा खान, अमन गांधी, गुल्लू, उदिति सिंह, रिति तिवारी और लव गिल ने बिग बॉस हाउस में एंट्री ली।

रात 9 बजे JioHotstar पर हुआ प्रीमियर

‘बिग बॉस 20’ का ग्रैंड प्रीमियर 6 सितंबर 2026 को हुआ। शो को सलमान खान ने होस्ट किया। प्रीमियर एपिसोड को JioHotstar पर रात 9 बजे से स्ट्रीम किया गया, जबकि कलर्स टीवी पर रात 10:30 बजे इसका प्रसारण शुरू हुआ।

शो की शुरुआत सलमान खान की शानदार परफॉर्मेंस से हुई। उन्होंने अपने लोकप्रिय गानों पर डांस कर दर्शकों का मनोरंजन किया और इसके बाद कंटेस्टेंट्स को एक-एक कर मंच पर बुलाया।

‘एक वरदान’ है इस सीजन की खास थीम

‘बिग बॉस 20’ खास इसलिए भी है क्योंकि इस सीजन के साथ शो के 20 साल पूरे हो रहे हैं। मेकर्स ने इस मौके को खास बनाने के लिए शो में नई थीम और कई नए ट्विस्ट शामिल किए हैं।

सलमान खान ने प्रीमियर से पहले शो की थीम को लेकर सिर्फ दो शब्दों में हिंट दिया था—‘एक वरदान’। हालांकि इस वरदान का असली मतलब क्या है और इसका कंटेस्टेंट्स के गेम पर क्या असर पड़ेगा, इसे लेकर मेकर्स ने सस्पेंस बनाए रखा है।

शो के घर का इंटीरियर भी इस बार काफी अलग नजर आया। घर में बड़ा ऑक्टोपस, फूलों वाला नल और आकर्षक गार्डन एरिया जैसी चीजें दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं। इसके अलावा कंटेस्टेंट्स के लिए ‘एक्स्ट्रा जीवन दान’ जैसा ट्विस्ट भी चर्चा में है, जिसके जरिए गेम में किसी प्रतियोगी को अतिरिक्त मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।

कनिका मान ने की पहली एंट्री

प्रीमियर में टीवी अभिनेत्री कनिका मान ने बतौर पहली कंटेस्टेंट बिग बॉस हाउस में कदम रखा। उन्होंने ‘धुरंधर’ के चर्चित गाने ‘शरारत’ पर डांस करते हुए शो में एंट्री की।

इसके बाद ‘पंचायत’ में दामाद जी के किरदार से पहचान बनाने वाले आसिफ खान दूसरे कंटेस्टेंट बने।

काजी तौकीर और ईशा रिखी भी शो का हिस्सा

सिंगर काजी तौकीर ने तीसरे कंटेस्टेंट के तौर पर बिग बॉस हाउस में प्रवेश किया। वह ‘अफगान जलेबी’ में कैटरीना कैफ के साथ स्क्रीन शेयर कर चुके हैं।

इसके बाद पंजाबी अभिनेत्री और रैपर बादशाह की पूर्व पत्नी ईशा रिखी ने शो में एंट्री ली। स्टेज पर अपने अतीत और पहचान को लेकर बात करते हुए वह भावुक भी नजर आईं। उन्होंने कहा कि लोग उन्हें जिस पहचान से जानते हैं, वह उससे कहीं अधिक हैं और शो में वह खुद को साबित करना चाहती हैं।

आम्रपाली दुबे और रोहेद खान की एंट्री

भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री आम्रपाली दुबे पांचवीं कंटेस्टेंट के रूप में शो में पहुंचीं। उन्हें विदा करने के लिए अभिनेता और भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ भी मंच पर पहुंचे।

इसके बाद ऑस्ट्रियन अभिनेता रोहेद खान ने छठे कंटेस्टेंट के रूप में एंट्री ली। सलमान खान के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी हिंदी से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने यह भी बताया कि वह भोजपुरी फिल्में देखते हैं। इस दौरान आम्रपाली दुबे ने उन्हें भोजपुरी भाषा के कुछ शब्द भी सिखाए।

लव गिल ने जीता जनता का वोट

रिया अहीर और लव गिल के बीच बिग बॉस हाउस में एंट्री को लेकर मुकाबला हुआ। इसका फैसला जनता के वोटों के आधार पर किया गया। वोटिंग में लव गिल ने बाजी मारी और शो की कंटेस्टेंट बनीं। उन्होंने अपने फैंस से शो में भरपूर मनोरंजन का वादा किया।

मैरी कॉम की एंट्री ने बढ़ाया उत्साह

ओलंपिक बॉक्सर मैरी कॉम ने ‘बिग बॉस 20’ में आठवीं कंटेस्टेंट के तौर पर प्रवेश किया। उनके जुड़वां बेटे उन्हें शो में छोड़ने पहुंचे। इस दौरान मैरी कॉम के जीवन पर बनी फिल्म में उनका किरदार निभाने वाली प्रियंका चोपड़ा ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।

Yung DSA और ScoutOP ने भी मारी एंट्री

पुणे के हिप-हॉप कलाकार Yung DSA ने शो के नौवें कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री ली। उनका असली नाम हर्ष विजय मचारे बताया गया है। इसके बाद गेमिंग क्रिएटर तन्मय ‘ScoutOP’ सिंह ने बिग बॉस हाउस में कदम रखा। शो में आने से पहले एल्विश यादव, अभिषेक मल्हान और कैरी मिनाटी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

अरशिफा खान और अमन गांधी भी घर में पहुंचे

सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अरशिफा खान ने भी शो में बतौर कंटेस्टेंट एंट्री ली। उनके साथ तन्मय सिंह और Yung DSA भी बिग बॉस हाउस में पहुंचे। रियलिटी टीवी स्टार अमन गांधी और ‘रोडीज’ व ‘स्प्लिट्सविला’ के पूर्व विजेता गुल्लू ने भी शो में प्रवेश किया।

उदिति सिंह बनीं 13वीं कंटेस्टेंट

अभिनेत्री उदिति सिंह ने शो में 13वीं कंटेस्टेंट के रूप में एंट्री ली। वह हिमेश रेशमिया की फिल्म ‘सुरूर’ (2021) में मुख्य अभिनेत्री के तौर पर नजर आ चुकी हैं। इसके बाद मनोज तिवारी की बेटी रिति तिवारी ने बिग बॉस हाउस में कदम रखा। रिति डांसर, सिंगर और कंपोजर हैं। शो में एंट्री से पहले मनोज तिवारी ने अपनी बेटी को शुभकामनाएं दीं। वहीं सलमान खान ने मजाकिया अंदाज में मनोज तिवारी को डॉली बिंद्रा के साथ उनकी चर्चित बहस की याद भी दिलाई।

माही विज बनीं 16वीं और आखिरी कंटेस्टेंट

टीवी अभिनेत्री माही विज ‘बिग बॉस 20’ में एंट्री करने वाली 16वीं और आखिरी कंटेस्टेंट बनीं। उन्होंने बताया कि उन्हें काफी समय से शो के लिए संपर्क किया जा रहा था, लेकिन इस बार उन्हें लगा कि शो का हिस्सा बनने का यही सही समय है।

2010 से बिग बॉस की मेजबानी कर रहे हैं सलमान खान

सलमान खान लंबे समय से ‘बिग बॉस’ के प्रमुख होस्ट बने हुए हैं। उन्होंने साल 2010 में सीजन 4 से इस शो की मेजबानी शुरू की थी। उनसे पहले अमिताभ बच्चन शो को होस्ट कर चुके हैं। हालांकि अलग-अलग सीजन में संजय दत्त और फराह खान ने भी शो की कमान संभाली थी।अब ‘बिग बॉस 20’ के साथ सलमान खान एक बार फिर दर्शकों के सामने हैं। 20 साल पूरे होने के मौके पर नए कंटेस्टेंट्स, ‘एक वरदान’ थीम और संभावित नए ट्विस्ट के कारण इस सीजन को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।

Tags