Bigg Boss 20: रीति तिवारी की होगी वापसी? सलमान खान के प्रोमो ने बढ़ाया सस्पेंस
Bigg Boss 20: बिग बॉस 20’ का यह हफ्ता कई उतार-चढ़ाव से भरा रहा। कभी कैप्टेंसी टास्क को लेकर घरवालों के बीच टकराव देखने को मिला तो कभी घर के कामों को लेकर विवाद सामने आया। इस बीच घरवाले अलग-अलग गुटों में बंटे नजर आए और एक-दूसरे को निशाने पर लेते रहे। इसी दौरान मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी का मिड-वीक एविक्शन भी हुआ।
अब ‘वीकेंड का वार’ के नए प्रोमो ने शो का सस्पेंस और बढ़ा दिया है। प्रोमो में होस्ट सलमान खान घरवालों से उनके फैसलों और घर से बेघर होने को लेकर सवाल करते दिखाई दे रहे हैं। उनकी बातों के बाद सोशल मीडिया पर रीति तिवारी की संभावित वापसी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, प्रोमो में उनकी वापसी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मिड-वीक एविक्शन में बाहर हुई थीं रीति
इसी सप्ताह कैप्टेंसी के दावेदारों माही विज, यंग डीएस और उदिति सिंह ने रीति तिवारी का नाम चुना था, जिसके बाद उन्हें मिड-वीक एविक्शन में बिग बॉस हाउस से बाहर होना पड़ा। उनके बाहर जाने के दौरान घर के कई सदस्य भावुक नजर आए।
रीति से पहले ईशा रिखी और रोहेद खान शो से बाहर हो चुके हैं। इस तरह रीति शो से बाहर होने वाली तीसरी कंटेस्टेंट बनीं।

सलमान खान के सवाल से बढ़ा सस्पेंस
3 अक्टूबर के ‘वीकेंड का वार’ के प्रोमो में सलमान खान घरवालों से एविक्शन और उनके फैसलों को लेकर सवाल करते दिखाई दे रहे हैं। प्रोमो में सीधे तौर पर यह नहीं बताया गया कि रीति तिवारी शो में वापस आएंगी या नहीं, लेकिन सलमान की बातों ने संभावित ट्विस्ट की अटकलों को जरूर हवा दे दी है।
प्रोमो शेयर करते हुए जियो हॉटस्टार रियेलिटी के एक्स हैंडल से भी सवालिया अंदाज में लिखा गया—“जो गया क्या वो वापस आए?” इसके बाद दर्शकों के बीच रीति की संभावित वापसी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
उदिति सिंह के साथ नोक-झोंक भी रही चर्चा में
बिग बॉस हाउस में रीति तिवारी का सफर कई वजहों से चर्चा में रहा। खास तौर पर उदिति सिंह के साथ उनकी नोक-झोंक ने दर्शकों का ध्यान खींचा। ‘वीकेंड का वार’ के एक एपिसोड में सलमान खान ने ‘डिस बैटल’ टास्क में रीति के प्रदर्शन पर भी टिप्पणी की थी।
अब नए प्रोमो के बाद सवाल यही है कि क्या रीति तिवारी को बिग बॉस हाउस में दोबारा एंट्री मिलेगी या फिर सलमान खान घरवालों के लिए कोई दूसरा ट्विस्ट लेकर आए हैं। फिलहाल शो के प्रोमो ने इस सवाल का स्पष्ट जवाब नहीं दिया है।
इस हफ्ते ये कंटेस्टेंट हैं नॉमिनेटेड
इस सप्ताह घर से बेघर होने के लिए काजी तौकीर, माही विज, अमन गांधी, कनिका मान, मैरी कॉम, लव गिल, यंग, आसिफ खान और आम्रपाली दुबे नॉमिनेटेड बताए गए हैं। अब वीकेंड का वार में इन कंटेस्टेंट्स को लेकर क्या फैसला होता है, यह देखने वाली बात होगी।
