प्रथाओं की ओढ़े चुनरी: बींदणी’ अभिनेता आकाश जग्गा ने बताया ब्रेक लेने का कारण मैं रिपिटेटिव रोल नहीं करना चाहता था
आकाश जग्गा ने बताया,मैंने लगभग एक साल तक टीवी से दूरी बनाई और यह ब्रेक मेरे लिए बेहद ज़रूरी था। इससे पहले मैंने एक निगेटिव रोल किया था और उसके बाद लगातार मुझे वैसी ही भूमिकाएँ ऑफर हो रही थीं। मैं नहीं चाहता था कि मैं एक ही तरह के किरदारों में फँस जाऊँ। मैंने ठहरकर इंतज़ार करने का निर्णय लिया और जब मैंने सोचना बंद किया कि आगे क्या होगा, तभी मुझे कुंदन के रोल के लिए कॉल आ गया।
उन्होंने आगे कहा,जब मैंने स्क्रिप्ट पढ़ी तो मुझे यह बहुत रोचक लगी। शो की कहानी राजस्थान पर आधारित है और यह मेरे लिए खास इसलिए भी है क्योंकि यह मेरा होमटाउन है। आश्चर्य की बात यह है कि मैंने इससे पहले कभी किसी राजस्थानी पृष्ठभूमि वाले शो में काम नहीं किया था। कुंदन का किरदार बेहद लेयर्ड और चुनौतीपूर्ण है, बिल्कुल वैसा जिसे मैं तलाश रहा था। यह रोल मुझे न सिर्फ नया अनुभव देगा बल्कि एक एक्टर के तौर पर और भी बेहतर बनाएगा।
शो की कहानी और खासियत
आकाश का मानना है कि ‘प्रथाओं की ओढ़े चुनरी : बींदणी’ अपनी अलग तरह की स्टोरीटेलिंग के कारण दर्शकों को बांधे रखेगा।उन्होंने कहा,“इस शो में हर पल अप्रत्याशित ट्विस्ट और टर्न हैं। हर किरदार की अपनी गहराई है और जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ेगी, दर्शक सभी पात्रों के नए पहलू देखेंगे। यही लेयर्ड स्टोरीटेलिंग इसे अन्य शोज़ से अलग बनाती है।”
प्रथाओं की ओढ़े चुनरी : बींदणी की कहानी ‘घेवर’ नाम की एक साहसी और चंचल राजस्थानी लड़की पर आधारित है। उसकी जिंदगी तब बदल जाती है जब किस्मत उसके परिवार में एक नवजात शिशु लेकर आती है। इसके बाद शुरू होता है प्रेम, बलिदान और रहस्यों से भरा सफर, जहाँ घेवर अपने प्रियजनों की सुरक्षा के लिए संघर्ष करती नज़र आती है। देखिए ‘प्रथाओं की ओढ़े चुनरी : बींदणी’ रोज़ाना रात 9 बजे, सिर्फ सन नियो पर।
