‘दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी’ की मुख्य अभिनेत्री मेघा राय ने चोट के बावजूद जारी रखी शूटिंग
'Divine Love: A Story of Love and Mystery' lead actress Megha Ray continues shooting despite injury
Fri, 19 Sep 2025
लखनऊ डेस्क (प्रत्यूष पाण्डेय)। कलाकार का असली जुनून उसकी मेहनत और समर्पण में दिखाई देता है। इसका उदाहरण हाल ही में देखने को मिला जब सन नियो पर प्रसारित हो रहे धारावाहिक ‘दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी’ की मुख्य नायिका मेघा रे (दिव्या के किरदार में) ने गंभीर चोट लगने के बावजूद शूटिंग बीच में रोकने से इनकार कर दिया।
एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान मेघा के पैर में गंभीर चोट आई। साड़ी में पैर उलझने से वह ज़ोर से गिर पड़ीं और उनकी एड़ी में सूजन आ गई। बावजूद इसके, उन्होंने क्रेप बैंडेज बाँधकर अगले कई घंटों तक शूटिंग जारी रखी। मेघा का कहना है, “इतना बड़ा सीक्वेंस अधूरा छोड़ना मुझे सही नहीं लगा, क्योंकि इसमें पूरी टीम की मेहनत जुड़ी थी। मैं नहीं चाहती थी कि मेरी वजह से सबका काम रुके।”
उन्होंने आगे बताया कि शूटिंग पूरी होने के बाद डॉक्टर ने उनका इलाज किया। फिलहाल वे दवाइयों और बैंडेज की मदद से काम कर रही हैं और सुविधा के लिए साड़ी के नीचे स्पोर्ट्स शूज़ पहन रही हैं।
मेघा ने टीम के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा, “मेरे को-एक्टर सूरज ने मुझे बहुत संभाला। मैं चल नहीं पा रही थी, तो उन्होंने मुझे गोद में उठाकर जगह-जगह पहुँचाया। डायरेक्टर ने व्हीलचेयर की व्यवस्था की, ताकि मुझे ज्यादा चलना न पड़े। मेकअप, हेयर और क्रू के सभी सदस्यों ने मेरा पूरा साथ दिया।”
शो की कहानी
‘दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी’ उज्जैन की एक युवती दिव्या (मेघा रे) की ज़िंदगी पर आधारित है, जिसकी दुनिया प्रेम से मिलने के बाद बदल जाती है। इसमें रहस्य, अतीत के छिपे राज़ और परंपरा-तकनीक का अनूठा संगम दिखाया गया है।
इस सीरियल में मेघा रे के साथ सूरज प्रताप सिंह और कविता बनर्जी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नज़र आ रहे हैं। शो हर रात 8:30 बजे सन नियो चैनल पर प्रसारित होता है।
