Dr. Hassan Teaser: नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा की मेडिकल ड्रामा सीरीज का टीजर जारी, 11 दिसंबर को होगी रिलीज

Dr. Hassan Teaser: Teaser for the medical drama series starring Nawazuddin Siddiqui and Dia Mirza released; set to premiere on December 11.
 
Dr. Hassan Teaser: नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा की मेडिकल ड्रामा सीरीज का टीजर जारी, 11 दिसंबर को होगी रिलीज

Dr. Hassan OTT Release Date: ओटीटी दर्शकों के लिए एक दिलचस्प मेडिकल ड्रामा सीरीज आने वाली है। नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा स्टारर ‘डॉ. हसन’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है। जियोहॉटस्टार ने सीरीज की पहली झलक के साथ इसकी स्ट्रीमिंग डेट का भी खुलासा कर दिया है। यह सीरीज 11 दिसंबर 2026 से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देखी जा सकेगी। इसमें नवाजुद्दीन एक ऐसे डॉक्टर की भूमिका निभा रहे हैं, जो अपनी असाधारण मेडिकल समझ से मुश्किल से मुश्किल बीमारी का पता लगा लेते हैं, लेकिन उनका व्यवहार उन्हें दूसरों से बिल्कुल अलग बनाता है।

मुश्किल मेडिकल केस सुलझाने में माहिर हैं डॉ. हसन

टीजर में नवाजुद्दीन सिद्दीकी का किरदार एक ऐसे डॉक्टर के रूप में सामने आता है, जिसका दिमाग बेहद तेज है। वह उन मेडिकल मामलों की भी गहराई तक पहुंच जाते हैं, जिन्हें समझने में दूसरे डॉक्टरों को काफी परेशानी होती है। उनकी चिकित्सकीय काबिलियत जितनी प्रभावशाली है, उनका स्वभाव उतना ही असामान्य दिखाई देता है।

डॉ. हसन का अलग अंदाज, अजीब आदतें और लोगों से बातचीत करने का अनोखा तरीका कई बार आसपास के लोगों को असहज कर देता है। सीरीज में मेडिकल रहस्य के साथ हास्य, भावनात्मक पहलुओं और दिलचस्प किरदारों का भी मेल देखने को मिलेगा। यही वजह है कि यह कहानी पारंपरिक मेडिकल ड्रामा से अलग नजर आती है।


अमेरिकी सीरीज ‘हाउस’ का भारतीय रूपांतरण है ‘डॉ. हसन’

‘डॉ. हसन’ लोकप्रिय अमेरिकी मेडिकल ड्रामा सीरीज ‘हाउस’ का भारतीय रूपांतरण है। मूल सीरीज में अभिनेता ह्यू लॉरी ने डॉक्टर ग्रेगरी हाउस का किरदार निभाया था। यह शो वर्ष 2004 से 2012 तक फॉक्स चैनल पर प्रसारित हुआ और दुनिया भर में लोकप्रियता हासिल की थी।

मूल सीरीज को पांच प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड्स, दो गोल्डन ग्लोब और एक पीबॉडी अवॉर्ड सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान मिले थे। अब इसी चर्चित कहानी को भारतीय दर्शकों के लिए नए परिवेश और स्थानीय संदर्भों के साथ तैयार किया गया है। इसमें किरदारों, संवादों और रिश्तों को भारतीय संस्कृति के अनुरूप ढालने की कोशिश की गई है।

नवाजुद्दीन के साथ दीया मिर्जा भी निभाएंगी अहम भूमिका

इस मेडिकल ड्रामा में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ दीया मिर्जा भी महत्वपूर्ण किरदार में दिखाई देंगी। इनके अलावा फैसल राशिद, रहमत रतन, जयसन थाम और स्मरण सानू भी सीरीज का हिस्सा हैं। सीरीज का निर्देशन रोहन सिप्पी ने किया है। इसकी कहानी विनय छावल और केतन पेडगांवकर ने भारतीय दर्शकों को ध्यान में रखकर तैयार की है, जबकि संवाद विराट बसोया ने लिखे हैं। इसका निर्माण बानीजय एशिया ने किया है। निर्माता के तौर पर दीपक धर, ऋषि नेगी, राजेश चड्ढा, मृणालिनी जैन और श्याम राठी जुड़े हैं। विभास सिंह गौतम ने एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी निभाई है। यह प्रोजेक्ट एनबीसीयूनिवर्सल फॉर्मेट्स के लाइसेंस के तहत बनाया गया है।

नवाजुद्दीन ने साझा किया किरदार से जुड़ा अनुभव

अपने किरदार को लेकर नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि बचपन में वह अपने शहर के क्लीनिक और दवाखानों के आसपास काफी समय बिताया करते थे। वहां अलग-अलग तरह के लोगों और घटनाओं को करीब से देखने का मौका मिलता था। अभिनेता के मुताबिक, ‘डॉ. हसन’ की कहानी पढ़ते समय उन्हें बचपन की वे यादें फिर से ताजा हो गईं।

उन्होंने बताया कि इस किरदार की सबसे दिलचस्प बात उसकी असाधारण समझ और दुनिया को देखने का अलग नजरिया है। इसे पर्दे पर उतारना उनके लिए खास अनुभव रहा। जियोस्टार के हिंदी और अंग्रेजी एंटरटेनमेंट बिजनेस के प्रमुख आलोक जैन ने भी इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्साह जताया। वहीं, बानीजय एशिया के सीईओ दीपक धर का मानना है कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी जैसे प्रतिभाशाली अभिनेता इस जटिल किरदार को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर सकते हैं।

कब और कहां देख सकेंगे ‘डॉ. हसन’?

नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा की यह मेडिकल ड्रामा सीरीज 11 दिसंबर 2026 को जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। टीजर सामने आने के बाद अब दर्शकों को इस अनोखे डॉक्टर की कहानी और उसके मेडिकल रहस्यों को पर्दे पर देखने का इंतजार है।

Tags