Hanuman Ansh : सेट पर प्रॉप्स संभालने वाले असिस्टेंट डायरेक्टर शोभिनव सत्य कैसे बने 'नीम करोली बाबा', 5 घंटे के ऑडिशन ने बदली किस्मत
फिल्मी दुनिया में किस्मत कब और कैसे करवट ले, इसका कोई अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के अभिनेता शोभिनव सत्य की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। फिल्म में नीम करौली बाबा का किरदार निभाने वाले शोभिनव एक दिन पहले तक सेट पर असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे थे, लेकिन अगले ही दिन अचानक फिल्म के मुख्य अभिनेता बन गए।
करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर 45 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है। ऐसे में फिल्म की सफलता के साथ शोभिनव सत्य की अचानक हुई कास्टिंग भी चर्चा का विषय बन गई है।
लीड एक्टर की तबीयत बिगड़ी और बदल गया पूरा समीकरण
शोभिनव सत्य ने एक पॉडकास्ट में अपनी कास्टिंग से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म के सेट पर उनकी शुरुआत सेकंड असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में हुई थी। वह प्रॉप्स संभालने के साथ शूटिंग से जुड़ी कई जिम्मेदारियां निभा रहे थे।
इसी दौरान नीम करौली बाबा की भूमिका के लिए चुने गए अभिनेता की तबीयत अचानक खराब हो गई। शूटिंग की तैयारियां पूरी थीं और पूरी टीम सेट पर मौजूद थी। ऐसे में निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने शूटिंग रोकने के बजाय शोभिनव को इस भूमिका के लिए आजमाने का फैसला किया।
पांच घंटे के ऑडिशन ने बदल दी जिंदगी
मुख्य भूमिका के लिए शोभिनव का करीब पांच घंटे तक ऑडिशन और स्क्रीन टेस्ट लिया गया। शुरुआत में वह काफी घबराए हुए थे। उनके मन में यह सवाल था कि क्या दर्शक उन्हें इतने पवित्र और प्रतिष्ठित किरदार में स्वीकार करेंगे।
निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने उन्हें भरोसा दिलाया और कहा कि फिल्म का परिणाम क्या होगा, इसकी चिंता करना अभिनेता का काम नहीं है। इसके बाद शोभिनव ने पूरी तरह किरदार पर ध्यान केंद्रित किया।
✨हनुमान जी की भक्ति, शक्ति और पराक्रम से सजी ‘हनुमान अंश’ — सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और वीरता की एक शानदार झलक है।
— Saru (@Sunita_kumari_) August 31, 2026
जहाँ भक्ति है, वहाँ शक्ति है…
जहाँ हनुमान हैं, वहाँ असंभव भी संभव है। 🚩🙏
|| जय श्री सीताराम.... जय श्री हनुमान जी ||#HanumanAnsh… pic.twitter.com/4HnLWnT3gR
‘यह सब बाबा जी ने ही किया है’
शोभिनव सत्य इस पूरे घटनाक्रम को महज संयोग नहीं बल्कि आध्यात्मिक अनुभव मानते हैं। उनका कहना है कि जब किसी दिव्य शक्ति ने आपके लिए कोई रास्ता तय किया हो, तो आपको बस उस पर विश्वास करके आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने अपनी इस भूमिका को नीम करौली बाबा की कृपा से जुड़ा अनुभव बताया।
उनका मानना है कि इस किरदार की तैयारी उनके जीवन में कई साल पहले से ही शुरू हो चुकी थी, हालांकि उस समय उन्हें इसका अंदाजा नहीं था।
2009 से नीम करौली बाबा से जुड़ाव
शोभिनव सत्य के अनुसार, वह वर्ष 2009 से नीम करौली बाबा के भक्त हैं। वर्ष 2018 में उन्होंने भगवान हनुमान के लिए मंगलवार का व्रत शुरू किया और शाकाहारी जीवनशैली अपनाई। यही वजह रही कि फिल्म में बाबा की भूमिका मिलने के बाद उन्हें लगा कि शायद वह लंबे समय से अनजाने में इस किरदार के लिए तैयार हो रहे थे।
किरदार की तैयारी में उन्होंने निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के वर्षों के शोध को आधार बनाया। निर्देशक ने उन्हें अभिनय में बनावटीपन लाने के बजाय अपनी स्वाभाविक चाल, बोलने के तरीके और हंसी के अंदाज को बनाए रखने की सलाह दी।
चेहरे की समानता ने भी दिलाया भरोसा
निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि टेस्ट के दौरान शोभिनव की तस्वीरें लेने पर उन्हें उनके चेहरे की बनावट और नीम करौली बाबा के बीच समानता नजर आई। यही समानता शोभिनव को इस भूमिका के लिए चुनने की अहम वजहों में शामिल रही।
दर्शकों ने भी फिल्म देखने के बाद शोभिनव सत्य के अभिनय और उनके भाव-भंगिमा की सराहना की है। 7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ की सफलता ने शोभिनव की किस्मत भी बदल दी। जिस कलाकार की जिम्मेदारी कभी सेट पर प्रॉप्स संभालने तक सीमित थी, वह अचानक फिल्म का चेहरा बन गया।
