Heyy Babyy 2: अक्षय कुमार की कल्ट कॉमेडी का 19 साल बाद बनेगा सीक्वल, ऑस्ट्रेलिया में शूट करेंगे साजिद नाडियाडवाला
Hey Baby 2: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की साल 2007 में रिलीज हुई लोकप्रिय कॉमेडी फिल्म ‘हे बेबी’ एक बार फिर सुर्खियों में है। करीब 19 साल बाद फिल्म के सीक्वल को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मेकर्स ने ‘हे बेबी 2’ बनाने का ऐलान कर दिया है। खास बात यह है कि फिल्म की शूटिंग ऑस्ट्रेलिया में बड़े स्तर पर किए जाने की तैयारी है।
साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन हाउस नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट ने ऑस्ट्रेलिया में अपनी तीन आगामी फिल्मों की शूटिंग को लेकर एक समझौता किया है। इन प्रोजेक्ट्स में ‘हे बेबी’ का सीक्वल भी शामिल है। फिल्म के दूसरे पार्ट की खबर सामने आने के बाद अक्षय कुमार के फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।
ऑस्ट्रेलिया में होगी ‘हे बेबी 2’ की शूटिंग
‘हे बेबी 2’ की शूटिंग ऑस्ट्रेलिया में होना इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि पहली फिल्म की शूटिंग भी ऑस्ट्रेलिया में की गई थी। ऐसे में लगभग दो दशक बाद फिल्म की कहानी का नया अध्याय उसी देश में शूट किया जाएगा।
हालांकि, अभी सीक्वल की कहानी को लेकर मेकर्स की ओर से कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। फिल्म में कौन-कौन से कलाकार नजर आएंगे, इस बारे में भी आधिकारिक तौर पर पूरी कास्ट सामने नहीं आई है। इसके बावजूद सीक्वल की घोषणा ने फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है।
नाडियाडवाला ग्रैंडसन के ऑफिस पहुंचे क्रिस मिन्स
ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स 31 अगस्त से 3 सितंबर तक भारत दौरे पर हैं। अपने इस दौरे के दौरान उन्होंने मुंबई स्थित नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के कार्यालय का दौरा किया।
इस मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रोडक्शन हाउस की टीम से बातचीत की और कंपनी के कामकाज से जुड़ी जानकारी ली। इसी दौरान ऑस्ट्रेलिया में तीन फिल्मों की शूटिंग को लेकर हुए समझौते की जानकारी भी सामने आई, जिसमें ‘हे बेबी 2’ का प्रोजेक्ट शामिल है।
2007 में रिलीज हुई थी ‘हे बेबी’
अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और फरदीन खान स्टारर ‘हे बेबी’ साल 2007 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म का निर्देशन साजिद खान ने किया था। इसमें तीन दोस्तों की कहानी दिखाई गई थी, जिनकी जिंदगी एक बच्ची के आने के बाद पूरी तरह बदल जाती है।
फिल्म में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और फरदीन खान की कॉमेडी के साथ विद्या बालन मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। फिल्म की कहानी, कलाकारों की केमिस्ट्री और हास्य से भरपूर अंदाज को दर्शकों ने पसंद किया था। बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी।
क्या पुराने कलाकार भी आएंगे नजर?
‘हे बेबी 2’ की घोषणा तो हो चुकी है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि सीक्वल में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, फरदीन खान और विद्या बालन में से कौन-कौन वापसी करेगा। फिल्म की कहानी किस दिशा में आगे बढ़ेगी और इसमें नए कलाकारों की एंट्री होगी या नहीं, इस पर भी मेकर्स ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है। फैंस अब फिल्म की आधिकारिक कास्ट और कहानी से जुड़े अगले अपडेट का इंतजार कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया में शूटिंग की तैयारी के बीच ‘हे बेबी 2’ आने वाले समय में बॉलीवुड की चर्चित फिल्मों में शामिल हो सकती है।
