Mirzapur: The Movie New Posters: रवि किशन से लेकर सोनल चौहान तक, 'मिर्जापुर: द मूवी' से सामने आए नए किरदारों के धांसू फर्स्ट-लुक पोस्टर
Mirzapur The Movie Character Posters: प्राइम वीडियो की सबसे चर्चित और लोकप्रिय क्राइम-थ्रिलर फ्रैंचाइज़ी 'मिर्जापुर' अब बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है। 'मिर्जापुर: द मूवी' (Mirzapur: The Movie) को लेकर दर्शकों के बीच भारी उत्साह है।
हाल ही में एक्सेल मूवीज (Excel Movies) ने फिल्म के चार नए और अहम किरदारों—रवि किशन, सुशांत सिंह, सोनल चौहान और मोहित मलिक के फर्स्ट-लुक पोस्टर जारी कर दिए हैं, जिन्होंने गद्दी की इस खूनी जंग में नए समीकरण जोड़ दिए हैं।
मिर्जापुर की गद्दी के लिए फिर छिड़ेगी जंग
‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कहानी इसी लोकप्रिय फ्रेंचाइजी की दुनिया को आगे बढ़ाती है। फिल्म में कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया जैसे चर्चित किरदारों के साथ सत्ता और मिर्जापुर की गद्दी को लेकर संघर्ष देखने को मिलेगा।फिल्म के ट्रेलर में भी मिर्जापुर की सत्ता हासिल करने की होड़ की झलक दिखाई गई थी। अब नए पोस्टरों के सामने आने के बाद यह सवाल और दिलचस्प हो गया है कि आखिर मिर्जापुर की गद्दी पर किसका राज होगा?
फिल्म की कहानी में पुराने किरदारों के साथ नए दावेदार भी दिखाई देंगे, जिससे सत्ता का समीकरण पूरी तरह बदलता नजर आ सकता है। हालांकि, मिर्जापुर का नया राजा कौन बनेगा, इसका जवाब फिल्म रिलीज होने के बाद ही मिलेगा।
दमदार है फिल्म की स्टारकास्ट
‘मिर्जापुर: द मूवी’ में फ्रेंचाइजी के कई लोकप्रिय कलाकार नजर आएंगे। फिल्म की प्रमुख स्टारकास्ट में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, सोनल चौहान, सुशांत सिंह, श्वेता त्रिपाठी, राजेश तैलंग, जितेंद्र कुमार, श्रिया पिलगांवकर, शीबा चड्ढा, प्रमोद पाठक, हर्षिता शेखर गौड़, अनंग्शा बिस्वास, शाजी चौधरी और कुलभूषण खरबंदा सहित कई कलाकार शामिल हैं।
4 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं।
फिल्म को अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहे हैं। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दर्शकों की नजर अब इस बात पर है कि बड़े पर्दे पर मिर्जापुर की दुनिया किस नए अंदाज में सामने आती है और आखिर गद्दी की इस जंग में बाजी किसके हाथ लगती है।
