‘प्रथाओं की ओढ़े चुनरी: बींदणी’ में जनरेशन लीप, नई कहानी और नए चेहरों के साथ होगी नई शुरुआत
‘Prathaon Ki Odhhe Chunari: Bindani’ will mark a new beginning with a generation leap, a new story and new faces.
Mon, 16 Feb 2026
मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान | फरवरी 2026: लोकप्रिय टीवी शो प्रथाओं की ओढ़े चुनरी: बींदणी अब एक नए अध्याय की ओर बढ़ रहा है। शो में जनरेशन लीप आने वाला है, जिसके साथ कहानी, किरदार और भावनाओं का एक नया दौर शुरू होगा। इस बदलाव के साथ दर्शकों को नए चेहरे, नई सोच और परंपराओं से टकराती आधुनिक भावनाओं की झलक देखने को मिलेगी।
इस लीप के बाद शो में श्रेया जैन वैष्णवी के किरदार में नजर आएंगी, जबकि कुशाग्र दुआ गर्व उर्फ गन्नू की भूमिका निभाएंगे। दोनों कलाकारों की एंट्री के साथ कहानी एक नई दिशा लेगी, जहां पुरानी परंपराएं और नई सोच आमने-सामने होंगी।
हाल ही में जारी प्रोमो में लीप के बाद की कहानी की एक झलक दिखाई गई है। राजस्थान के एक व्यस्त बाजार में एक पति अपनी पत्नी की देखभाल करता नजर आता है। इस दृश्य को देखकर वैष्णवी मुस्कुराती है और मानती है कि सच्चा प्यार किसी की खुशी का ख्याल रखने में है। वहीं, गर्व उसी दृश्य को देखकर नाराज हो जाता है और उसका मजाक उड़ाता है। उसके लिए इस तरह का प्यार पुरुष के आत्मसम्मान के खिलाफ है।
इस छोटे से दृश्य के माध्यम से प्यार को लेकर दो अलग-अलग सोच सामने आती हैं—एक, जो प्यार को त्याग और समझ का प्रतीक मानती है, और दूसरी, जो उसे कमजोरी समझती है। यही टकराव आगे की कहानी की नींव रखता है।
अपने किरदार को लेकर श्रेया जैन ने कहा,
“बींदणी राजस्थान पर आधारित शो है और मैं खुद राजस्थान से हूं, इसलिए इसका हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खास है। इस कहानी में मेरी मिट्टी की संस्कृति, परंपराएं और भावनाएं झलकती हैं। वैष्णवी के मूल्य मुझे खुद से जुड़े हुए लगते हैं। उम्मीद है दर्शक शो के इस नए दौर को पसंद करेंगे।
वहीं कुशाग्र दुआ ने कहा,“इस शो का हिस्सा बनकर मैं बहुत उत्साहित हूं। गर्व एक लेयर्ड किरदार है—वह न पूरी तरह सही है, न पूरी तरह गलत। उसकी सोच और फैसले कहानी को और दिलचस्प बनाएंगे। मुझे विश्वास है कि दर्शकों को यह किरदार जरूर पसंद आएगा।
नई कहानी, नए चेहरे और भावनाओं के नए रंगों के साथ ‘प्रथाओं की ओढ़े चुनरी: बींदणी’ का यह जनरेशन लीप दर्शकों के लिए एक नई शुरुआत का वादा करता है—जहां प्यार, अहंकार और परंपराओं के बीच संघर्ष देखने को मिलेगा।
📺 देखना न भूलें
प्रथाओं की ओढ़े चुनरी: बींदणी
हर रोज रात 9 बजे, सिर्फ सन नियो पर
