Ramayana Budget Explained : 'रामायण' के 4000 करोड़ के बजट का क्या है हॉलीवुड कनेक्शन? सुपरस्टार यश ने समझाया पूरा गणित
Yash On Ramayana Budget: बॉलीवुड निर्देशक नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही भव्य पौराणिक फिल्म 'रामायण' (Ramayana) लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। दो भागों में बनने वाली इस मेगा-बजट फिल्म की लागत लगभग ₹4000 करोड़ बताई जा रही है, जो इसे भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी फिल्म बनाती है।
निर्माता नमित मल्होत्रा के इस खुलासे के बाद फिल्म के बजट की रिकवरी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। अब फिल्म के सह-निर्माता (Co-Producer) और इसमें 'रावण' की भूमिका निभा रहे साउथ सुपरस्टार यश (Yash) ने इस 4000 करोड़ रुपये के बजट के पीछे का पूरा गणित हॉलीवुड के फॉर्मूले से जोड़कर समझाया है।
4000 करोड़ में केवल फिल्म की शूटिंग नहीं
यश के मुताबिक, 4000 करोड़ रुपये का आंकड़ा सिर्फ फिल्म की मेकिंग लागत को नहीं दर्शाता। इसमें रिलीज और प्रमोशन से जुड़े खर्च भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बड़े स्तर पर बनने वाली हॉलीवुड फिल्मों में भी फिल्म निर्माण के साथ-साथ वैश्विक प्रचार-प्रसार पर भारी रकम खर्च की जाती है।
यश ने कहा कि ‘रामायण’ के बजट में दोनों फिल्मों की निर्माण लागत के अलावा उनके प्रमोशन और रिलीज से जुड़े खर्च को भी शामिल किया गया है। उनका मानना है कि जब फिल्म को वैश्विक स्तर पर रिलीज किया जाता है तो प्रचार भी उसी स्तर का होना जरूरी है।
ग्लोबल ऑडियंस तक पहुंच बनाने की तैयारी
यश ने भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की जरूरत पर भी जोर दिया। उनके अनुसार, सिनेमा किसी देश की सॉफ्ट पावर का महत्वपूर्ण माध्यम है। भारतीय फिल्में यदि विश्वभर के दर्शकों तक पहुंचती हैं तो इससे देश की संस्कृति और कहानियों को भी वैश्विक पहचान मिल सकती है।यश का कहना है कि ‘रामायण’ और ‘टॉक्सिक’ जैसी फिल्मों के जरिए भारतीय सिनेमा को ग्लोबल फिल्मों के रूप में स्थापित करने की कोशिश की जा रही है। उनका मानना है कि इस दिशा में लगातार प्रयास किए जाने चाहिए।
रणबीर बनेंगे भगवान राम, यश निभाएंगे रावण का किरदार
‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि यश रावण का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में साई पल्लवी, सनी देओल, अरुण गोविल और रवि दुबे भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।फिल्म को दो भागों में रिलीज करने की योजना है। पहला भाग नवंबर 2026 में दिवाली के अवसर पर रिलीज किए जाने की तैयारी है, जबकि दूसरा भाग 2027 की दिवाली पर दर्शकों के सामने लाने की योजना बताई गई है।फिल्म की विशाल लागत, आधुनिक विजुअल इफेक्ट्स और अंतरराष्ट्रीय स्तर की रिलीज रणनीति को देखते हुए ‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है।
