Ranbir Kapoor Ramayana Movie Release Date Update: रणबीर-यश की 'रामायण' की रिलीज डेट में बड़ा बदलाव! भारत में 6 नवंबर को नहीं होगी रिलीज, प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने बताई असली वजह
Ranbir Kapoor Ramayana Movie Release Date Update: नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस साल की सबसे चर्चित और बहुप्रतीक्षित मेगा-बजट फिल्म 'रामायण' (Ramayana) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने रिलीज डेट को लेकर बना सस्पेंस खत्म करते हुए बड़ा खुलासा किया है।
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर यह फिल्म दो अलग-अलग तारीखों पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अंतरराष्ट्रीय (ग्लोबल) बाजार में जहां यह 6 नवंबर को रिलीज होगी, वहीं भारतीय दर्शकों को इसके लिए दो दिन का अतिरिक्त इंतजार करना पड़ेगा।
भारत में दिवाली पर रिलीज होगी ‘रामायण’
नमित मल्होत्रा ने एनडीटीवी से बातचीत में बताया कि ‘रामायण’ अंतरराष्ट्रीय बाजार में 6 नवंबर 2026 को रिलीज होगी, जबकि भारतीय दर्शकों को फिल्म के लिए दो दिन और इंतजार करना पड़ेगा। भारत में फिल्म को 8 नवंबर 2026 यानी दिवाली के दिन रिलीज करने की योजना है।
निर्माता के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुक्रवार को फिल्म रिलीज करने की परंपरा को ध्यान में रखते हुए 6 नवंबर की तारीख तय की गई है। वहीं भारत में दिवाली जैसे बड़े त्योहार के मौके पर फिल्म को दर्शकों के सामने लाने का फैसला किया गया है।
ट्रेलर को मिल रहा जबरदस्त रिस्पॉन्स
‘रामायण’ का ट्रेलर 30 जुलाई 2026 को जारी किया गया था। रिलीज के बाद से ही ट्रेलर को दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। निर्माता नमित मल्होत्रा ने ट्रेलर रिलीज के कुछ दिनों बाद दावा किया था कि इसे शुरुआती पांच दिनों में ही 1 अरब से अधिक व्यूज मिल चुके थे।
ट्रेलर में रणबीर कपूर को भगवान राम, साई पल्लवी को माता सीता और यश को रावण के किरदार में दिखाया गया है। इसके अलावा अरुण गोविल राजा दशरथ, लारा दत्ता कैकेयी, रवि दुबे लक्ष्मण और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में नजर आ रहे हैं।हालांकि, ट्रेलर में सनी देओल के हनुमान किरदार की झलक नहीं दिखाई गई, जिससे उनके प्रशंसकों में फिल्म के अगले अपडेट को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
ऐसी है ‘रामायण’ की स्टारकास्ट
नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में दिखाई देंगे। वहीं सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में रवि दुबे लक्ष्मण, लारा दत्ता कैकेयी, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा और काजल अग्रवाल मंदोदरी की भूमिका निभा रही हैं। इसके अलावा अरुण गोविल, कुणाल कपूर, विवेक ओबेरॉय सहित कई अन्य कलाकार भी महत्वपूर्ण किरदारों में दिखाई देंगे।
रिलीज को लेकर बढ़ा इंतजार
भारत में दिवाली के मौके पर रिलीज होने के कारण ‘रामायण’ को बॉक्स ऑफिस पर बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। फिल्म की भव्यता, स्टारकास्ट और भारतीय पौराणिक कथा पर आधारित कहानी को लेकर पहले से ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। अब सभी की निगाहें फिल्म के अगले ट्रेलर और अन्य प्रचार सामग्री पर टिकी हैं।
