Rashmika Mandanna Health Update: हिप इंजरी से उबरने के बाद काम पर वापसी को तैयार रश्मिका मंदाना, शेयर किया भावुक पोस्ट
रश्मिका ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीरों और वीडियो का एक कैरोसेल साझा किया। इसमें वह चोट से रिकवरी के दौरान परिवार और करीबियों के साथ समय बिताती नजर आईं। तस्वीरों में अभिनेत्री पूजा करते हुए, अपने पालतू कुत्ते के साथ खेलते हुए, पिक्चर पजल हल करते हुए और घर के आसपास सुकून के पल बिताते दिखाई दीं।
पोस्ट के जरिए रश्मिका ने बताया कि वह जल्द ही शूटिंग पर वापस लौटने वाली हैं। हालांकि, इस दौरान घर पर बिताया गया शांत और निजी समय उन्हें काफी याद आएगा। अभिनेत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि वह जल्द काम पर लौट रही हैं और घर पर बिताए इन पलों को निश्चित रूप से मिस करेंगी।
डांस सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान लगी थी चोट
रश्मिका को फिल्म ‘मैसा’ के लिए एक डांस सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान हिप में चोट लगी थी। इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य पर ध्यान देने के लिए अभिनय से अस्थायी ब्रेक लिया। अभिनेत्री पहले भी अपनी चोटों को लेकर प्रशंसकों से खुलकर बात कर चुकी हैं और इसे अपनी तीसरी बड़ी चोट बता चुकी हैं। अब रिकवरी के बाद उनका काम पर लौटना उनके प्रशंसकों के लिए भी राहत की खबर है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में वह अपनी अधूरी शूटिंग और अन्य पेशेवर प्रतिबद्धताओं को फिर से पूरा करेंगी।
‘मैसा’ में बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आएंगी रश्मिका
रश्मिका मंदाना की आगामी फिल्मों में ‘मैसा’ और ‘रणबाली’ प्रमुख हैं। ‘मैसा’ एक इमोशनल एक्शन थ्रिलर बताई जा रही है, जिसकी कहानी गोंड जनजातीय पृष्ठभूमि से जुड़ी है। फिल्म में रश्मिका एक गोंड महिला की भूमिका निभा रही हैं।यह किरदार उनके अब तक के फिल्मी सफर के कई किरदारों से अलग माना जा रहा है। फिल्म में उनका लुक और अभिनय का अंदाज भी दर्शकों के लिए नया अनुभव हो सकता है।
विजय देवरकोंडा के साथ फिर दिखेगी जोड़ी
रश्मिका मंदाना अभिनेता विजय देवरकोंडा के साथ ‘रणबाली’ में भी नजर आएंगी। राहुल सांकृत्यायन के निर्देशन में बन रही यह फिल्म ब्रिटिश शासनकाल की पृष्ठभूमि पर आधारित पीरियड ड्रामा है। कहानी भारतीय इतिहास के कम चर्चित अध्यायों से प्रेरित एक काल्पनिक कथा के रूप में प्रस्तुत की जा रही है।
यह फिल्म रश्मिका और विजय देवरकोंडा की चर्चित जोड़ी को एक बार फिर पर्दे पर साथ लेकर आएगी। फिल्म की रिलीज 11 सितंबर को प्रस्तावित है। रश्मिका की चोट के बाद काम पर वापसी को लेकर उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि अभिनेत्री पूरी तरह स्वस्थ होकर अपनी आगामी फिल्मों की शूटिंग में कब सक्रिय रूप से शामिल होती हैं।
