मुश्किल दौर से गुजर रहे अभिनेता शरद कपूर की मदद को आगे आए सलमान खान, भाईजान ने फोन कर जाना हालचाल

Salman Khan has stepped forward to help actor Sharad Kapoor, who is going through a difficult phase; 'Bhaijaan' reached out via a phone call to check on how he is doing.
 
अभिनेता शरद कपूर की मदद को आगे आए सलमान खान

बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी निजी जिंदगी और स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों के चलते चर्चा में हैं। कभी अपनी शानदार पर्सनैलिटी और दमदार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले शरद कपूर आज कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। उनकी आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है। हाल ही में सामने आए उनके वीडियो ने प्रशंसकों को चिंतित कर दिया था। अब खबर है कि बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान उनकी मदद के लिए आगे आए हैं।

शरद कपूर ने लोगों से मांगी थी मदद

हाल ही में सोशल मीडिया पर शरद कपूर का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उनकी मौजूदा स्थिति देखकर प्रशंसक हैरान रह गए। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में कई प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।

बताया जा रहा है कि अभिनेता ने खुद भी लोगों से आर्थिक, मानसिक और नैतिक सहयोग की अपील की थी। इतना ही नहीं, उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से दोबारा काम मिलने की उम्मीद जताते हुए एक वीडियो के माध्यम से काम देने की गुजारिश भी की थी। इसके बाद उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों के बीच उनकी मदद को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

सलमान खान ने बढ़ाया मदद का हाथ

अब इस मामले में बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान का नाम भी सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान ने शरद कपूर से संपर्क कर उनका हालचाल जाना है। बातचीत के दौरान उन्होंने अभिनेता को हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया। सलमान खान जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं। ऐसे में शरद कपूर के मुश्किल समय में उनसे संपर्क करना उनके लिए राहत की खबर माना जा रहा है।

आर्थिक मदद मिलेगी या फिल्मों में काम, अभी जानकारी नहीं

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि सलमान खान शरद कपूर की आर्थिक सहायता करेंगे या उन्हें फिल्म और अन्य प्रोजेक्ट में काम दिलाने की कोशिश करेंगे। इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, सलमान खान की ओर से संपर्क किए जाने की खबर ने शरद कपूर के प्रशंसकों में उम्मीद जरूर जगाई है। अब देखना होगा कि इस मुश्किल दौर में उन्हें फिल्म इंडस्ट्री से किस तरह का सहयोग मिलता है।

Tags