Salman Khan Upcoming Movies : सलमान खान की सुपरहीरो फिल्म की शूटिंग अब अप्रैल 2027 से होगी शुरू, पहले पूरी करेंगे 'मॉन्स्टर' की शूटिंग
मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं। उनकी फिल्म 'मातृभूमि' 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। लंबे समय तक अटकी रहने के बाद अब इस फिल्म को सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट भी मिल चुका है। फिल्म में सलमान खान आर्मी ऑफिसर की भूमिका में नजर आएंगे। इसके बाद वह अगले साल ईद पर फिल्म 'मॉन्स्टर' में दिखाई देंगे।
'मॉन्स्टर' का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विजेता निर्देशक वामशी पेडिपल्ली कर रहे हैं, जबकि दिल राजू इसके निर्माता हैं। फिलहाल फिल्म की शूटिंग पूरी नहीं हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म की शूटिंग खत्म करने के बाद सलमान खान अपनी बहुप्रतीक्षित सुपरहीरो फिल्म पर काम शुरू करेंगे। इस फिल्म का निर्देशन राज और डीके की जोड़ी करने वाली है। बताया जा रहा है कि इस फिल्म के जरिए सलमान खान पहली बार सुपरहीरो के अवतार में बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। यह प्रोजेक्ट लंबे समय से चर्चा में है और अब इसकी शूटिंग की तैयारियां आगे बढ़ रही हैं।
जनवरी की जगह अप्रैल 2027 में शुरू होगी शूटिंग
रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान खान पहले इस सुपरहीरो फिल्म की शूटिंग जनवरी 2027 में शुरू करने वाले थे। हालांकि, 'मॉन्स्टर' की शूटिंग पूरी न होने के कारण कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब सुपरहीरो फिल्म की शूटिंग अप्रैल 2027 में शुरू होने की संभावना है।
सलमान पहले 'मॉन्स्टर' की शूटिंग पूरी करेंगे और उसके बाद राज और डीके के निर्देशन में बनने वाली सुपरहीरो फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। ऐसे में प्रशंसकों को सलमान खान को पहली बार सुपरहीरो के रूप में देखने के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है।
