‘रामायण पार्ट 2’ में हनुमान बनकर छाएंगे सनी देओल, नमित मल्होत्रा ने बताया कास्टिंग के पीछे का कारण

पहले भाग की सफलता के बाद दूसरे पार्ट को और भव्य स्तर पर बनाने की तैयारी, निर्माता ने हनुमान के किरदार की तुलना आयरन मैन की लोकप्रियता से की

 
‘रामायण पार्ट 2’ में हनुमान बनकर छाएंगे सनी देओल, नमित मल्होत्रा ने बताया कास्टिंग के पीछे का कारण

‘रामायण पार्ट 1’ की दुनियाभर में शानदार कमाई और दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद अब फिल्म के दूसरे भाग को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म के वीएफएक्स और भव्य दृश्यों की चर्चा के बीच दर्शकों को अब ‘रामायण पार्ट 2’ का इंतजार है। दावा किया जा रहा है कि दूसरा भाग पहले से भी बड़े स्तर पर तैयार किया जाएगा। इसकी सबसे बड़ी खासियत भगवान हनुमान का किरदार होगा, जिसे अभिनेता सनी देओल निभाते नजर आएंगे।

पहले भाग में हनुमान की झलक पोस्ट-क्रेडिट सीन में कुछ सेकंड के लिए दिखाई गई थी। अब दूसरे भाग में उनका किरदार विस्तार से देखने को मिलेगा। सनी देओल को भगवान हनुमान के रूप में देखने के लिए प्रशंसकों में खासा उत्साह है। माना जा रहा है कि उनकी लोकप्रियता फिल्म के प्रति दर्शकों की दिलचस्पी को और बढ़ा सकती है।

हनुमान की लोकप्रियता को बताया आयरन मैन जैसी

फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने एक इंटरव्यू में सनी देओल के किरदार और दूसरे भाग में हनुमान की भूमिका को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान की मौजूदगी फिल्म के दूसरे भाग को एक अलग ही स्तर पर ले जाएगी। इसी बातचीत में उन्होंने भारत में हनुमान की लोकप्रियता की तुलना आयरन मैन से करते हुए कहा कि देश में हनुमान का प्रभाव और लोकप्रियता बेहद व्यापक है।

सनी देओल को ही क्यों चुना गया?

भगवान हनुमान की भूमिका के लिए सनी देओल को चुने जाने के सवाल पर नमित मल्होत्रा ने बताया कि इस किरदार के लिए ऐसे अभिनेता की जरूरत थी, जिसके व्यक्तित्व में मासूमियत और अपनापन हो, लेकिन क्रोध के समय उसका रौद्र रूप भी उतना ही प्रभावशाली नजर आए।

नमित के मुताबिक, हनुमान के चरित्र में विनम्रता, सरलता और अपार शक्ति का अनूठा संगम है। सनी देओल की शख्सियत में भी ये गुण दिखाई देते हैं। उनका मानना है कि इस अमर और लोकप्रिय किरदार को बड़े पर्दे पर जीवंत करने के लिए सनी देओल से बेहतर विकल्प मिलना मुश्किल था। nअब दर्शकों की निगाहें ‘रामायण पार्ट 2’ पर टिकी हैं। खास तौर पर यह देखना दिलचस्प होगा कि सनी देओल भगवान हनुमान के रूप में अपने दमदार व्यक्तित्व और अभिनय से इस पौराणिक चरित्र को किस तरह पर्दे पर प्रस्तुत करते हैं।

Tags