The Traitors 2 Elimination: रणवीर बरार, अभिषेक मल्हान और पारुल गुलाटी का सफर खत्म; बाहर होते ही भावुक हुईं पारुल
The Traitors Season 2 Eliminations: प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहे करण जौहर के सस्पेंस-थ्रिलर रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स 2' (The Traitors India Season 2) में जबरदस्त ड्रामा, माइंड गेम्स और विश्वासघात का दौर जारी है। जैसलमेर के सूर्यगढ़ पैलेस में शूट हो रहे इस शो से एक साथ तीन बड़े और लोकप्रिय चेहरों—रणवीर बरार (Ranveer Brar), अभिषेक मल्हान (Abhishek Malhan / Fukra Insaan) और पारुल गुलाटी (Parul Gulati)—का सफर समाप्त हो गया है। शुरुआती एपिसोड्स में हुए इन चौंकाने वाले निष्कासन (Eliminations) ने बाकी बचे कंटेस्टेंट्स के बीच के समीकरणों को पूरी तरह बदल दिया है।
रणवीर बरार को मिले डेथ कार्ड
सेलिब्रिटी शेफ रणवीर बरार को एक कार्ड आधारित चुनौती के दौरान बाहर होना पड़ा। दूसरे प्रतिभागियों के साथ उनका नाम भी चुनौती में आया और उन्हें दो ‘डेथ कार्ड’ मिलने के बाद उनका गेम खत्म हो गया।
अभिषेक मल्हान बने ट्रेटर्स के लिए खतरा
सोशल मीडिया स्टार अभिषेक मल्हान गेम में लगातार ट्रेटर्स की पहचान करने की कोशिश कर रहे थे। जैसे-जैसे वह गुप्त रूप से गेम खेल रहे ट्रेटर्स के करीब पहुंचने लगे, उन्हें बड़ा खतरा माना जाने लगा। आखिरकार ट्रेटर्स ने उन्हें अपने रास्ते से हटाने का फैसला किया।
पारुल गुलाटी के बाहर होने पर हुईं भावुक
अभिनेत्री पारुल गुलाटी लगातार क्रिस्टल डिसूजा पर नजर रख रही थीं और उन्हें लेकर सवाल भी उठा रही थीं। इसके बाद वह ‘सर्कल ऑफ शक’ में पहुंच गईं। वोटिंग के दौरान मुकाबला बराबरी पर रहा, लेकिन कुल्लू के वोट ने पारुल को गेम से बाहर कर दिया।
शो से बाहर होने के बाद पारुल भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का दुख नहीं था कि उन्हें वोट देकर बाहर किया गया, बल्कि उन्हें इस बात ने भावुक किया कि इस खेल में किसी पर भी पूरी तरह भरोसा करना मुश्किल है। उन्हें लग रहा था कि वह गेम अच्छा खेल रही थीं।
21 सेलिब्रिटीज के बीच जारी है चालबाजी
‘द ट्रेटर्स इंडिया 2’ में अलग-अलग क्षेत्रों से कुल 21 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स शामिल हैं। सभी की नजर कैश प्राइज पर है, लेकिन इसके लिए उन्हें न केवल चुनौतियों का सामना करना है, बल्कि यह भी पता लगाना है कि कौन से खिलाड़ी गुप्त रूप से ‘ट्रेटर’ बनकर उनके खिलाफ रणनीति तैयार कर रहे हैं। शो के आगे बढ़ने के साथ कंटेस्टेंट्स के बीच भरोसे की लड़ाई और रणनीतिक खेल और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है।
