‘पंचायत 5’ में नजर आएंगे केविन पीटरसन? बनराकस और दामाद जी के साथ BTS तस्वीर ने बढ़ाई हलचल
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर केविन पीटरसन इन दिनों अपनी एक तस्वीर को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के कलाकारों दुर्गेश कुमार और आसिफ खान के साथ एक बिहाइंड-द-सीन्स (BTS) तस्वीर साझा की है। तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या केविन पीटरसन भी ‘पंचायत 5’ में किसी खास भूमिका में नजर आने वाले हैं।
तस्वीर में पीटरसन पूरी तरह देसी अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कुर्ते के ऊपर नीले रंग की नेहरू जैकेट पहन रखी है और सिर पर चेकदार गमछा बांधा हुआ है। उनके साथ नजर आ रहे दुर्गेश कुमार सीरीज में भूषण उर्फ बनराकस और आसिफ खान दामाद जी की भूमिका निभाते हैं। पीटरसन ने इस तस्वीर के साथ सिर्फ ‘पंचायत’ लिखा, जिसके बाद प्रशंसकों की उत्सुकता और बढ़ गई।
बनराकस और दामाद जी के साथ पीटरसन का देसी अंदाज
केविन पीटरसन की इस तस्वीर पर सोशल मीडिया यूजर्स जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक प्रशंसक ने टिप्पणी की कि तस्वीर में मौजूद अन्य लोगों की तुलना में पीटरसन ज्यादा देसी लग रहे हैं। वहीं, दूसरे यूजर ने उनके ग्रामीण पहनावे की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्हें ‘पंचायत’ में देखना काफी दिलचस्प होगा।
कुछ प्रशंसकों ने मजाकिया अंदाज में उन्हें आधार कार्ड बनवाने की सलाह तक दे डाली। तस्वीर ने क्रिकेट और मनोरंजन की दुनिया को एक मंच पर ला दिया है।
3 दिसंबर को रिलीज होगा ‘पंचायत 5’
‘पंचायत’ का पांचवां सीजन 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर रिलीज होने वाला है। मेकर्स ने 23 नवंबर को मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के एक गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नए सीजन का ट्रेलर भी जारी किया था।
इस बार फुलेरा गांव की कहानी में सत्ता परिवर्तन और रिश्तों के नए मोड़ देखने को मिल सकते हैं। सीरीज में नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, सुनीता राजवार, फैसल मलिक, चंदन रॉय, दुर्गेश कुमार और आसिफ खान जैसे कलाकार अपनी भूमिकाओं में नजर आएंगे।
बॉलीवुड डेब्यू को लेकर पहले भी किया था पोस्ट
केविन पीटरसन ने 20 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए बॉलीवुड में डेब्यू करने की बात कहकर भी चर्चा बटोरी थी। उस समय कई प्रशंसकों ने इसे मजाक या उनके यूट्यूब चैनल से जुड़ा कोई नया प्रयोग माना था।
अब ‘पंचायत’ के कलाकारों के साथ उनकी BTS तस्वीर सामने आने के बाद उस पोस्ट को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, तस्वीर से यह पुष्टि नहीं होती कि पीटरसन सीरीज में अभिनय करते दिखाई देंगे या नहीं। फिलहाल उनके संभावित कैमियो को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।
