Yash Starrer Toxic Release: 'टॉक्सिक' रिलीज होते ही सुपरस्टार यश ने फैंस से की भावुक अपील, कहा- 'थिएटर में रिकॉर्डिंग और स्पॉइलर्स से दूसरों का मजा न बिगाड़ें
ash Appeal on Toxic Movie Spoilers: कन्नड़ सुपरस्टार यश (Yash) की बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स' (Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups) 26 अगस्त 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। 'केजीएफ 2' के बाद बड़े पर्दे पर यश की वापसी को लेकर दर्शकों में जबरदस्त दीवानगी देखने को मिल रही है। फिल्म की रिलीज के साथ ही अभिनेता यश ने सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट साझा कर दर्शकों और फैंस से सिनेमाई अनुभव की गरिमा बनाए रखने और स्पॉइलर्स शेयर न करने की खास अपील की है।
यश ने क्यों की स्पॉइलर न शेयर करने की अपील?
फिल्म की रिलीज से पहले यश ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए दर्शकों से अनुरोध किया कि वे सिनेमाघर में फिल्म देखने के दौरान किसी महत्वपूर्ण दृश्य या सीन की रिकॉर्डिंग न करें और उसे सोशल मीडिया पर शेयर करने से बचें।
यश ने कहा कि ‘टॉक्सिक’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि कई वर्षों की मेहनत, भावनाओं और रचनात्मक प्रयासों से तैयार किया गया अनुभव है। उन्होंने फिल्म से जुड़े तकनीशियनों, कलाकारों और पूरी टीम की मेहनत का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे खास तौर पर बड़े पर्दे पर दर्शकों के सामूहिक अनुभव के लिए तैयार किया गया है।
दूसरों का मजा खराब न करें’
यश ने दर्शकों से अपील की कि फिल्म देखने के बाद उसके अहम हिस्सों, दृश्यों या कहानी से जुड़े स्पॉइलर को सोशल मीडिया पर साझा न करें। उनका कहना है कि जिस तरह दर्शक फिल्म का अनुभव बिना किसी पूर्व जानकारी के करना चाहते हैं, उसी तरह दूसरे दर्शकों को भी यह अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने दर्शकों के उत्साह और एडवांस बुकिंग में मिले जबरदस्त समर्थन के लिए आभार जताते हुए फिल्म का अनुभव सभी के लिए सुरक्षित रखने की अपील की। अपने संदेश के अंत में यश ने संकेत दिया कि अब ‘टॉक्सिक’ की दुनिया दर्शकों की है और वे इसे बड़े पर्दे पर अपने तरीके से अनुभव करें।
रिलीज से पहले ही दिखा जबरदस्त क्रेज
‘टॉक्सिक’ को यश की पिछली ब्लॉकबस्टर ‘केजीएफ चैप्टर 2’ के बाद उनकी बड़ी वापसी के तौर पर देखा जा रहा है। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं।
फिल्म की एडवांस बुकिंग को लेकर भी दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रिपोर्ट के अनुसार, रिलीज से पहले ही बड़ी संख्या में टिकटों की बिक्री हो चुकी थी और ट्रेड विश्लेषकों के बीच फिल्म की ओपनिंग को लेकर काफी उम्मीदें बनी हुई थीं। अब फिल्म के सिनेमाघरों में पहुंचने के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया और बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी हैं।
