प्रोटीन के लिए क्या बेहतर है : अंडा या सोयाबीन?

What is better for protein—eggs or soybeans?
 
अंडा या सोयाबीन?

प्रोटीन हमारे शरीर के लिए केवल एक पोषक तत्व नहीं, बल्कि शरीर की मूल निर्माण इकाई (बिल्डिंग ब्लॉक) है। बाल, नाखून, त्वचा और मांसपेशियां मुख्य रूप से प्रोटीन से ही बनती हैं। जब हम कसरत या दिनभर शारीरिक कार्य करते हैं, तो मांसपेशियों में सूक्ष्म स्तर पर टूट-फूट होती है। प्रोटीन इन ऊतकों की मरम्मत करके उन्हें मजबूत बनाता है और मांसपेशियों के विकास में अहम भूमिका निभाता है। प्रोटीन के अच्छे स्रोतों की बात आती है तो अक्सर दो विकल्पों पर चर्चा होती है— Egg और Soybean। दोनों ही फिटनेस और हेल्दी डाइट में लोकप्रिय हैं, लेकिन सवाल रहता है कि इनमें से बेहतर कौन है।

अंडे में कितना प्रोटीन होता है

अंडे को प्रोटीन का “गोल्ड स्टैंडर्ड” माना जाता है, क्योंकि इसमें सभी आवश्यक अमीनो एसिड संतुलित मात्रा में मौजूद होते हैं।

अंडे का आकार वजन प्रोटीन की मात्रा
छोटा 38 ग्राम 4.8 ग्राम
मध्यम 44 ग्राम 5.5 ग्राम
बड़ा 50 ग्राम 6.3 ग्राम
अतिरिक्त बड़ा 56 ग्राम 7.0 ग्राम
जंबो 63 ग्राम 7.9 ग्राम

प्रोटीन कहाँ होता है?

  • सफेद भाग: एक बड़े अंडे के सफेद हिस्से में लगभग 3.6 ग्राम प्रोटीन होता है और यह लगभग फैट-फ्री होता है।

  • जर्दी: इसमें लगभग 2.7 ग्राम प्रोटीन होता है, साथ ही विटामिन A, D, E, K और हेल्दी फैट्स भी पाए जाते हैं।

अंडे को उबालकर खाना सबसे बेहतर माना जाता है, क्योंकि पकाए गए अंडे का लगभग 90–91% प्रोटीन शरीर आसानी से अवशोषित कर लेता है।

100 ग्राम सोयाबीन में कितना प्रोटीन होता है

सोयाबीन शाकाहारियों के लिए प्रोटीन का बेहद समृद्ध स्रोत है। 100 ग्राम सूखे सोयाबीन में लगभग 36–40 ग्राम प्रोटीन होता है।

सोयाबीन का प्रकार प्रोटीन
कच्चा/सूखा सोयाबीन 36–40 ग्राम
सोया चंक्स लगभग 52 ग्राम
पका हुआ सोयाबीन 17–18 ग्राम
टोफू 8–10 ग्राम
सोया पनीर 14–16 ग्राम

सोयाबीन को भी कंप्लीट प्रोटीन माना जाता है क्योंकि इसमें शरीर के लिए जरूरी 9 आवश्यक अमीनो एसिड मौजूद होते हैं। इसके अलावा इसमें कैल्शियम, आयरन, पोटेशियम, मैग्नीशियम, जिंक, फॉस्फोरस और बी-कॉम्प्लेक्स विटामिन भी पाए जाते हैं।

इसे हमेशा भिगोकर और अच्छी तरह पकाकर खाना चाहिए ताकि इसके एंटी-पोषक तत्व कम हो जाएं।

आखिर कौन बेहतर है?

अंडा बेहतर है अगर:

  • आप मसल बिल्डिंग या जिम करते हैं

  • आपको जल्दी पचने वाला उच्च गुणवत्ता वाला प्रोटीन चाहिए

  • आप विटामिन B12 और D भी चाहते हैं

सोयाबीन बेहतर है अगर

  • आप शाकाहारी हैं

  • कम लागत में ज्यादा प्रोटीन चाहते हैं

  • दिल के स्वास्थ्य के लिए कोलेस्ट्रॉल-फ्री विकल्प चाहते हैं

दोनों ही प्रोटीन के बेहतरीन स्रोत हैं। अगर आप मांसाहारी हैं तो अंडा तेजी से उपयोग होने वाला प्रोटीन देता है, जबकि शाकाहारियों के लिए सोयाबीन सस्ता और पौष्टिक विकल्प है।

Tags