बाढ़ और हीट वेव से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करेंगे अमित शाह, 10 मई को होगी उच्चस्तरीय बैठक

Amit Shah to review preparedness for tackling floods and heatwaves; high-level meeting to be held on May 10.
 
बाढ़ और हीट वेव से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करेंगे अमित शाह, 10 मई को होगी उच्चस्तरीय बैठक

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 10 मई 2026, रविवार को नई दिल्ली में देश में संभावित बाढ़ और हीट वेव से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। भारत सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन के लिए “Whole of the Government” और “Whole of Society” दृष्टिकोण अपनाया है। इसी क्रम में यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

गृह मंत्रालय के अनुसार, हाल के वर्षों में अमित शाह के मार्गदर्शन में देश के आपदा प्रबंधन ढांचे को और अधिक मजबूत किया गया है। इसमें केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) को सशक्त बनाना तथा प्राकृतिक आपदाओं के दौरान “शून्य जनहानि” के लक्ष्य पर विशेष ध्यान शामिल है।

बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न एजेंसियों की तैयारियों, पूर्व चेतावनी प्रणाली, संसाधनों की उपलब्धता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही बाढ़ से बचाव के दीर्घकालिक उपायों की प्रगति का भी आकलन किया जाएगा।

सरकार के अनुसार, समीक्षा के प्रमुख बिंदुओं में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की सुरक्षा, नदी प्रबंधन पहल, मौसम पूर्वानुमान से जुड़ी वैज्ञानिक प्रगति तथा राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता शामिल होगी। गृह मंत्री पिछले वर्ष आयोजित समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की स्थिति की भी जानकारी लेंगे।

बैठक में बाढ़ पूर्वानुमान और प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों को आधुनिक तकनीक और रियल-टाइम डेटा इंटीग्रेशन के जरिए और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा। साथ ही बाढ़ और हीट वेव जैसी एक साथ आने वाली आपदाओं से निपटने की रणनीतियों पर भी चर्चा होगी।

सरकार सामुदायिक जागरूकता और आपदा से निपटने की क्षमता बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाने पर भी फोकस कर रही है, ताकि जनहानि और संपत्ति के नुकसान को कम किया जा सके। इसके अलावा आवश्यक राहत सामग्री के भंडारण और चिकित्सा तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी।

Tags