Lok Sabha Election 2024 : पहले चरण में कहां-कहां मतदान, किस-किस के बीच होगा मुकाबला; जानिए पूरी डिटेल

lok sabha election 2024 in hindi

Lok Sabha Election 2024 Hindi
समाचार डेस्क, नई दिल्ली।
उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल, तमिलनाडु सहित 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की पहले चरण में शामिल 102 लोकसभा सीटों पर बुधवार शाम छह बजे चुनावी शोर थम गया। इन सीटों पर अब किसी तरह की रैली और चुनावी सभाओं के आयोजन की इजाजत नहीं होगी। हालांकि प्रत्याशियों को इस दौरान बगैर किसी तामझाम के घर-घर जाकर अपना प्रचार करने की अनुमति रहेगी। 

लोकसभा चुनाव के लिए गाइडलाइन क्या है?
पहले चरण की इन सभी सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान होंगे। पहले दौर में आठ केंद्रीय मंत्री, दो पूर्व मुख्यमंत्री व एक पूर्व राज्यपाल की चुनावी किस्मत का फैसला भी होगा। चुनाव आयोग ने पहले चरण के चुनाव में लगाए गए पर्यवेक्षकों और मैदानी अमलों को अगले 48 घंटे विशेष सतर्कता रखने के निर्देश दिए है। प्रत्याशियों के मूवमेंट और अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है। 

पहले चरण में किस-किस के बीच होगा मुकाबला?
चुनाव आयोग के लिए भी पहले चरण का चुनाव काफी अहम है, क्योंकि इस चरण में बस्तर, गढ़चिरौली जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों सहित पूर्वोत्तर और मतदान के लिहाज से संवेदनशील लोकसभा क्षेत्र शामिल हैं। पहले चरण में राजनीतिक लिहाज से कई चर्चित सीटें भी हैं, इनमें नागपुर, छिंदवाड़ा, पीलीभीत, कोयंबटूर व चेन्नई सेंट्रल आदि प्रमुख हैं। नागपुर से भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मैदान में हैं, जबकि छिंदवाड़ा से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ मैदान में हैं। यह सीट लंबे समय तक कमलनाथ के पास रही और 1980 के बाद से वे नौ बार यहां से जीते। 

कौन कहां से लड़ रहा है लोकसभा चुनाव?
कोयंबटूर से तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई चुनावी समर में हैं। शिवगंगा के सांसद कार्ति चिदंबरम फिर से जीत की जुगत में हैं। यहां से उनके पिता सात बार जीते थे, उनका मुकाबला भाजपा के टी देवनाथन यादव और अन्नाद्रमुक के जेवियर दास से है।पहले दौर में जिन केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत का फैसला होगा, उनमें गडकरी के अलावा किरण रिजिजू, सर्बानंद सोनोवाल, संजीव बालियान, जितेंद्र सिंग, भूपेन्द्र यादव, अर्जुनराम मेघवाल, एल मुरुगन शामिल हैं। सक्रिय राजनीति में लौटने के लिए हाल ही में तेलंगाना के राज्यपाल और पुडुचेरी के उपराज्यपाल के पद से इस्तीफा देने वाली तमिलिसाई सौंदर्यराजन चेन्नई दक्षिण लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रही हैं। 

लोकसभा चुनाव 2024 का रिजल्ट कब आएगा?
त्रिपुरा की दो लोकसभा सीटों में से पश्चिम त्रिपुरा की सीट पर भी पहले चरण में मतदान होगा, वहां पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आशीष कुमार साहा के बीच हाई वोल्टेज टक्कर देखने को मिलेगी। अरुणाचल के पूर्व सीएम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नबाम तुकी अरुणाचल पश्चिम सीट से मैदान में हैं, यहां उनका मुकाबला केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू से है।गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव इस बार कुल सात चरणों में होगा, जबकि इसके नतीजे चार जून 2024 को घोषित होंगे।

पहले चरण में कहां-कहां होगा मतदान?
पहले चरण में नौ राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं, जहां सभी सीटों के लिए चुनाव होगा। इनमें तमिलनाडु, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, सिक्किम, अंडमान निकोबार, लक्षद्वीप और पुडुचेरी शामिल हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में संप्रग ने इन 102 सीटों में से 45 और राजग ने 41 सीटें जीती थीं। इनमें से छह सीटों को परिसीमन के बाद फिर से सुगठित किया गया है।

पहले चरण के लिए भाजपा ने कितनी महनत की है?
पहले चरण की 102 सीटों पर अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए इस बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने खूब मेहनत की है। एक रिपोर्ट के मुताबिक तीनों नेताओं ने 35-40 रैलियां और आधा दर्जन रोड शो किए। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी 12 राज्यों में 26 रैलियां व तीन रोड शो किए। इनकी तुलना में कांग्रेस के राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैलियां कम हुई हैं। पार्टी की ओर से कोई पुष्ट आंकड़ा नहीं दिया गया है।

Share this story