केजीबीवी अतरौली की छात्राओं ने किया उत्तर प्रदेश विधानसभा का शैक्षिक भ्रमण, लोकतांत्रिक प्रक्रिया को करीब से समझा

The students of KGBV Atrauli did an educational tour of Uttar Pradesh Assembly, understood the democratic process closely.
 
jiopio

लखनऊ, 5 अगस्त 2026। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी), अतरौली (अलीगढ़) की छात्राओं ने बुधवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा का शैक्षिक भ्रमण कर लोकतांत्रिक व्यवस्था और विधायी प्रक्रिया की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा। इस दौरान छात्राओं ने विधानसभा भवन का अवलोकन किया और जनहित से जुड़े मुद्दों पर होने वाली चर्चा तथा निर्णय प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की।

भ्रमण के दौरान छात्राओं को विधानसभा के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें भवन के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक महत्व से परिचित कराया गया। साथ ही सदन की कार्यवाही, जनप्रतिनिधियों की भूमिका और कानून निर्माण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपने प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने छात्राओं से संवाद करते हुए शिक्षा के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

शैक्षिक भ्रमण के दौरान अतरौली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने भी छात्राओं से मुलाकात की। उन्होंने

छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और जीवन में नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के साथ स्मृति स्वरूप तस्वीरें भी खिंचवाईं।

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं व्यावहारिक भ्रमण छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति व्यावहारिक समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे अनुभव छात्राओं को न केवल जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में भी सहायक सिद्ध होते हैं।

Tags