मंदिर में VIP दर्शन की हनक! BJP विधायक की बेटी ने महिला SI को जड़ा थप्पड़, जवाब में मिला चांटा

 
vidhayak ki beti ne jada thappad

श्रीरंगपट्टनम के आरती उक्कड़ा मंदिर में गर्भगृह प्रवेश को लेकर विवाद, CCTV वीडियो वायरल; विधायक ने मांगी माफी, FIR दर्ज

बेंगलुरु/मांड्या: कर्नाटक के मांड्या जिले के श्रीरंगपट्टनम तालुक स्थित आरती उक्कड़ा मंदिर में 12 अगस्त को भीमा अमावस्या के दौरान एक चौंकाने वाली घटना हुई। तुमकुरु ग्रामीण से भाजपा विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या और ड्यूटी पर तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर सविता बी. पाटिल के बीच गर्भगृह में प्रवेश को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ने एक-दूसरे को थप्पड़ मार दिया। अब इस घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गया है।

पुलिस शिकायत के अनुसार, मांड्या महिला पुलिस स्टेशन की सब-इंस्पेक्टर सविता भीड़ नियंत्रण की ड्यूटी पर थीं। ऐश्वर्या (जो एसीपी गौतम की पत्नी भी हैं) बच्चों के साथ दर्शन के लिए पहुंचीं और गर्भगृह में तुरंत प्रवेश की मांग करने लगीं। भारी भीड़ के कारण जब अधिकारी ने थोड़ी देर इंतजार करने को कहा, तो कथित तौर पर ऐश्वर्या ने अपना पद का हवाला देते हुए अपशब्द कहे, थप्पड़ मारा, ड्यूटी में बाधा डाली और करियर खराब करने की धमकी दी। जवाब में सब-इंस्पेक्टर ने भी चांटा जड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को अलग किया।

क्यातनहल्ली पुलिस स्टेशन में सविता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 132, 115(2), 352 और 351(2) के तहत ऐश्वर्या के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। ऐश्वर्या ने भी काउंटर शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने अधिकारी पर अभद्र भाषा का आरोप लगाया है। दोनों शिकायतों की जांच चल रही है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

विधायक बी. सुरेश गौड़ा ने घटना पर माफी मांगी है। उन्होंने कहा, “मेरी बेटी मंदिर गई थी और गर्भगृह में दर्शन की अनुमति मांगी थी। पुलिस ने मना कर दिया, जबकि एक सर्कल इंस्पेक्टर को अंदर जाने दिया गया। बहस हुई। मैंने बेटी का थप्पड़ वाला वीडियो नहीं देखा, लेकिन मैं इसके लिए माफी मांगता हूं। जो भी गलती हो, कानून के अनुसार कार्रवाई हो।”

वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद वीवीआईपी कल्चर और पुलिस की ड्यूटी में बाधा डालने को लेकर चर्चा छिड़ गई है। महिला आयोग ने भी तुरंत कार्रवाई की मांग की है। पुलिस दोनों पक्षों की जांच कर रही है।

Tags