Chhath Vrat Katha 2026 : कौन हैं छठी मइया और क्यों की जाती है उनकी पूजा? जानें महापर्व से जुड़ी तीन पौराणिक कथाएं

Chhath Vrat Katha 2026: Who is Chhathi Maiya and why is she worshipped? Learn about three mythological legends associated with this grand festival.
 
Chhath Vrat Katha 2026:

Chhath Vrat Katha 2026:  छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और कठिन तपस्या का प्रतीक माना जाता है। इस पर्व में व्रती भगवान सूर्य और छठी मइया की उपासना करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठ व्रत करने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है और संतान की लंबी आयु तथा अच्छे स्वास्थ्य की कामना पूरी होती है। इस व्रत में स्वच्छता, नियम और संयम का विशेष ध्यान रखा जाता है। महिलाएं ही नहीं, पुरुष भी श्रद्धापूर्वक यह व्रत रखते हैं।

साल 2026 में छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। 15 नवंबर, रविवार की शाम को व्रती डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। आइए जानते हैं छठी मइया कौन हैं और इस महापर्व से जुड़ी प्रमुख पौराणिक कथाएं क्या हैं।

छठ पूजा से जुड़ी पहली पौराणिक कथा

पौराणिक मान्यता के अनुसार, प्राचीन काल में राजा प्रियंवद और उनकी पत्नी रानी मालिनी संतान न होने के कारण दुखी रहते थे। संतान प्राप्ति की इच्छा से महर्षि कश्यप ने उनके लिए पुत्रेष्टि यज्ञ कराया। यज्ञ के बाद महर्षि ने रानी मालिनी को यज्ञ से प्राप्त खीर ग्रहण करने के लिए दी।

कुछ समय बाद रानी ने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश वह मृत पैदा हुआ। पुत्र की मृत्यु से राजा प्रियंवद बेहद दुखी हो गए। वे अपने पुत्र के शव को लेकर श्मशान पहुंचे और पुत्र वियोग में अपने प्राण त्यागने का विचार करने लगे।

तभी भगवान की मानस कन्या देवसेना प्रकट हुईं। उन्होंने राजा से कहा कि वे सृष्टि की मूल प्रकृति के छठे अंश से उत्पन्न हुई हैं, इसलिए षष्ठी कहलाती हैं। देवी ने राजा को उनकी पूजा करने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की सलाह दी।

राजा प्रियंवद ने संतान प्राप्ति की कामना से पूरी श्रद्धा के साथ देवी षष्ठी का व्रत और पूजन किया। धार्मिक कथा के अनुसार, इसके फलस्वरूप उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई। मान्यता है कि तभी से कार्तिक शुक्ल षष्ठी को छठ पूजा करने की परंपरा शुरू हुई।

दूसरी कथा: सूर्य पुत्र कर्ण से जुड़ी है छठ पूजा की परंपरा

छठ महापर्व की एक अन्य प्रचलित मान्यता महाभारत काल से जुड़ी है। कथा के अनुसार, सूर्य पुत्र कर्ण भगवान सूर्य के परम भक्त थे। वे प्रतिदिन जल में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते और उनकी उपासना करते थे।

कहा जाता है कि कर्ण की सूर्य भक्ति और नियमित साधना के कारण उन्हें भगवान भास्कर का विशेष आशीर्वाद प्राप्त हुआ। इसी आस्था के आधार पर कुछ मान्यताओं में छठ पूजा की परंपरा को महाभारत काल से भी जोड़ा जाता है।

तीसरी कथा: द्रौपदी और पांडवों से जुड़ी मान्यता

छठ पूजा से जुड़ी एक अन्य लोकमान्यता पांडवों और द्रौपदी से संबंधित है। कहा जाता है कि जब पांचों पांडव जुए में अपना राजपाट हारकर संकट में पड़ गए थे, तब द्रौपदी ने छठी मइया और सूर्य देव की आराधना की थी।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, छठी मइया और सूर्य देव की कृपा से पांडवों के संकट दूर हुए और उन्हें दोबारा अपना राज्य प्राप्त हुआ। इस कथा के माध्यम से छठ व्रत को परिवार की खुशहाली, सुख-समृद्धि और संकटों से मुक्ति की कामना से जोड़ा जाता है।

कौन हैं छठी मइया?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मइया को सूर्य देव की बहन और संतान की रक्षा करने वाली देवी माना जाता है। उन्हें देवी षष्ठी के रूप में भी पूजा जाता है। मान्यता है कि उनकी कृपा से बच्चों को दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सुखमय जीवन का आशीर्वाद मिलता है।

हिंदू परंपरा में बच्चे के जन्म के छठे दिन छठी या छठिहार संस्कार करने की भी परंपरा है। मान्यता है कि इस दिन छठी मइया नवजात शिशु की रक्षा करती हैं और उसके सुखद भविष्य का आशीर्वाद देती हैं। इसी आस्था के चलते छठ महापर्व में सूर्य देव के साथ छठी मइया की भी विशेष पूजा की जाती है। व्रती संतान की लंबी आयु, परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ पूरी श्रद्धा से यह कठिन व्रत करते हैं।

Tags