Tambe Ka Kada : इन राशियों के लिए बेहद शुभ माना जाता है तांबा, जीवन में ला सकता है सकारात्मक बदलाव
मेष राशि
मेष राशि का स्वामी ग्रह मंगल है और तांबा भी मंगल से संबंधित धातु माना जाता है। ऐसे में मेष राशि के लोगों के लिए तांबा पहनना काफी लाभदायक माना जाता है। इससे व्यक्ति में ऊर्जा और उत्साह बढ़ता है। करियर, परिवार और व्यक्तिगत जीवन में सकारात्मक परिणाम मिलने लगते हैं। साथ ही क्रोध पर नियंत्रण रखने में भी मदद मिलती है। माना जाता है कि तांबा धारण करने से मेष राशि वालों के अटके हुए कार्य भी पूरे होने लगते हैं।
सिंह राशि
सिंह राशि के स्वामी सूर्य हैं और सूर्य तथा मंगल के बीच मित्रता का संबंध माना गया है। इसी कारण सिंह राशि के जातकों के लिए भी तांबा शुभ धातु माना जाता है। तांबा पहनने से आत्मविश्वास में वृद्धि होती है और व्यक्ति को मान-सम्मान प्राप्त होने लगता है। इसके साथ ही जीवन में सुख-समृद्धि बढ़ती है और किस्मत का साथ मिलने लगता है। कई बार लंबे समय से रुके हुए कार्य भी बनने लगते हैं।
धनु राशि
धनु राशि के स्वामी गुरु हैं और गुरु तथा मंगल के बीच भी मित्रता का संबंध बताया गया है। इसके अलावा धनु अग्नि तत्व की राशि है, इसलिए तांबा इस राशि के लोगों के लिए भी लाभकारी माना जाता है। तांबा धारण करने से स्वास्थ्य में सुधार देखने को मिलता है और व्यक्ति मानसिक रूप से अधिक सकारात्मक महसूस करता है। आर्थिक मामलों में भी लाभ मिलने के संकेत रहते हैं। मान्यता है कि तांबा नकारात्मक ऊर्जा को दूर कर जीवन में शुभता और संतुलन लाने में सहायक होता है।
