Holi Special: बुरा न मानो होली है जानिए अपनी राशि का 'रंगीला हास्य फल'
लेखक: सुधाकर आशावादी (विभूति फीचर्स) होली का त्यौहार आ गया है और इसके साथ ही शुरू हो गया है हंसी-मजाक का दौर। फाल्गुन की मस्ती में जब हर कोई रंगों से सराबोर है, तो हमने सोचा क्यों न आपकी राशि के जरिए आपको थोड़ा गुदगुदाया जाए। ध्यान रहे, इस 'हास्य फल' के सही होने की कोई गारंटी नहीं है, इसलिए इसे केवल मनोरंजन के रूप में लें!
मेष (Aries): हमेशा नंबर-1 का खतरा
स्कूल से लेकर ऑफिस तक, हर लिस्ट में आपका नाम पहले आता है। होली पर भी आप 'एक्सपेरिमेंट' के लिए पहले शिकार बन सकते हैं। सावधानी यह है कि दोस्तों के पीछे छुपकर रहें, वरना पानी वाले गुब्बारे सबसे पहले आप ही का स्वागत करेंगे।
वृषभ (Taurus): पत्नी-भक्त बैल
आपके भीतर बैल जैसी कर्मठता है, लेकिन स्वभाव से आप शर्मीले हैं। आपकी होली 'पत्नी की आज्ञा' पर टिकी है। घर से बाहर निकलने का साहस तभी करें जब घर की 'सरकार' मंजूरी दे, वरना घर के अंदर ही भीगना बेहतर है।
मिथुन (Gemini): तांक-झांक से बचें
होली जमकर खेलें, लेकिन पड़ोस की बालकनी में ज्यादा तांक-झांक न करें, वरना शारीरिक कष्ट (पिटाई) के योग बन रहे हैं। पुरुषों से गले मिलें और महिलाएं महिलाओं से, वरना गृहस्थ जीवन में 'दरार' निश्चित है।
कर्क (Cancer): ही-ही, हू-हू की हंसी
आप हर हाल में खुश दिखने वाले जातक हैं। आपकी हंसी दूसरों को भी गुदगुदाएगी। बस ध्यान रहे कि गले लगते समय आपके शरीर से परफ्यूम की महक आए, वरना कीचड़ वाली होली भारी पड़ सकती है।
सिंह (Leo): घर में 'भीगी बिल्ली'
राशि भले ही शेर की हो, लेकिन घर में आप 'भीगी बिल्ली' ही बने रहते हैं। होली पर पत्नी के कोप से बचने के लिए उनके सुर में सुर मिलाएं, वरना आपको नीले प्लास्टिक के ड्रम में डुबोया जा सकता है।
कन्या (Virgo): नाजुक मिजाज
आप स्वभाव से चंचल और नाजुक हैं। खट्टे गोलगप्पे और मूंग की दाल के व्यंजनों का आनंद लें, लेकिन पड़ोस की कन्याओं से एक सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि आपका त्यौहार शांति से बीत सके।
तुला (Libra): संतुलन का संकट
होली की मस्ती में आपका 'तराजू' डगमगा सकता है। आप यह तय नहीं कर पाएंगे कि कितना खाना है और कितना पीना है। जो मिले—मीठा, नमकीन या तीखा—सब डकार जाएं, आज संतुलन की फिक्र छोड़ दें।
वृश्चिक (Scorpio): डंक मारने वाले 'प्यार की दुकान'
आमतौर पर आप बिच्छू की तरह डंक मारने के लिए मशहूर हैं, लेकिन इस होली पर आप 'प्यार की दुकान' खोलेंगे। यह मीठापन शाम तक ही रहेगा, उसके बाद आप अपने पुराने 'डंक' वाले अवतार में लौट सकते हैं।
धनु (Sagittarius): भाभी से दूरी भली
भाभी के साथ होली खेलना आपको महंगा पड़ सकता है। नशीले पदार्थों और ऐसे मित्रों से दूर रहें जो आपको 'उड़ने' की सलाह दें। अपशब्द बोलने से बचें, वरना देह पर संकट (कुटाई) मंडरा सकता है।
मकर (Capricorn): पहचान छिपाने में ही भलाई
आपके लिए यह पर्व शुभ है, लेकिन एक शर्त पर—चेहरे पर काला रंग पोतकर रखें ताकि कोई पहचान न सके। किसी से छेड़छाड़ की तो पुराने कानूनी झंझट फिर से शुरू हो सकते हैं।
कुंभ (Aquarius): चिकने घड़े
आप 'चिकने घड़े' की संज्ञा में फिट बैठते हैं। कांजी के बड़ों का लुत्फ उठाएं और 'स्वाद शिरोमणि' की उपाधि प्राप्त करें। अपनी इस उपलब्धि का प्रचार फेसबुक और इंस्टाग्राम पर करना न भूलें।
मीन (Pisces): मछली की आंख पर निशाना
आपका आत्मविश्वास चरम पर रहेगा। मन की बात कहने के लिए दिन अच्छा है, लेकिन ध्यान रहे कि उत्साह में कोई ऐसा कदम न उठाएं कि बाद में खुद की नजरों से ही बचना पड़े। पुरानी यादों के सहारे होली का आनंद लें।
