Labh Panchami 2026 : 14 नवंबर को मनाया जाएगा पर्व, जानें लक्ष्मी-गणेश पूजन का शुभ मुहूर्त और चोपड़ा पूजा की विधि
व्यापार में उन्नति और सुख-समृद्धि की कामना के लिए खास है लाभ पंचमी, व्यापारी करते हैं बही-खातों का पूजन
Labh Panchami 2026: कार्तिक शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को लाभ पंचमी का पर्व मनाया जाता है। यह दिन सुख-समृद्धि, व्यापार में तरक्की और नए कार्यों की शुरुआत के लिए विशेष महत्व रखता है। गुजरात समेत देश के कई हिस्सों में इस अवसर पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा के साथ चोपड़ा पूजन यानी बही-खातों की पूजा करने की परंपरा है। आइए जानते हैं साल 2026 में लाभ पंचमी की सही तारीख, पूजा का शुभ मुहूर्त और पूजन की संपूर्ण विधि।
कब है लाभ पंचमी 2026?
पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि 13 नवंबर 2026 को रात 8 बजकर 42 मिनट पर शुरू होगी और 14 नवंबर को रात 11 बजकर 23 मिनट पर समाप्त होगी। उदया तिथि के आधार पर लाभ पंचमी का पर्व 14 नवंबर, शनिवार को मनाया जाएगा।
लाभ पंचमी 2026 पूजा का शुभ मुहूर्त
मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा के लिए इस दिन तीन शुभ मुहूर्त बताए गए हैं।
-
प्रातःकालीन मुहूर्त: सुबह 6:06 बजे से 9:45 बजे तक
-
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:12 बजे से 11:56 बजे तक
-
विजय मुहूर्त: दोपहर 1:23 बजे से 2:07 बजे तक
ऐसे करें मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा
लाभ पंचमी के दिन विधि-विधान से लक्ष्मी-गणेश की पूजा करने और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करने की परंपरा है। पूजा के लिए ये चरण अपना सकते हैं:
-
सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र धारण करें।
-
घर के मंदिर या दुकान की अच्छी तरह सफाई करें। पूजा के लिए एक चौकी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाएं।
-
चौकी पर भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें। घी का दीपक और धूप जलाकर पूजा का संकल्प लें।
-
सबसे पहले भगवान गणेश को तिलक लगाएं। उन्हें दूर्वा, सिंदूर, अक्षत और फूल अर्पित करें। इसके बाद मोदक या लड्डू का भोग लगाएं।
-
मां लक्ष्मी को लाल फूल, कुमकुम, अक्षत और मिठाई अर्पित करें।
-
पूजा के अंत में लक्ष्मी-गणेश के मंत्रों का जाप करें और दोनों की आरती उतारें। इसके बाद प्रसाद वितरित करें।
-
भगवान से नए कार्यों की सफलता, व्यापार में उन्नति और परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करें।
क्या है चोपड़ा पूजन और इसका महत्व?
लाभ पंचमी पर व्यापारियों के लिए चोपड़ा पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन व्यापारी अपनी नई बही-खातों और रजिस्टरों को पूजा स्थल पर रखकर विधि-विधान से उनका पूजन करते हैं। परंपरा के अनुसार, बही-खाते के पहले पन्ने पर कुमकुम से स्वस्तिक बनाया जाता है और 'शुभ-लाभ' लिखा जाता है।
इसके बाद मां लक्ष्मी और भगवान गणेश से व्यापार में बरकत, आर्थिक उन्नति और पूरे साल सुख-समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, लाभ पंचमी पर लक्ष्मी-गणेश पूजन और चोपड़ा पूजा करने से जीवन में शुभता आती है। यह पर्व व्यापारियों के लिए नए संकल्पों और सकारात्मक शुरुआत का प्रतीक भी माना जाता है।
