दिल्ली के सबसे व्यस्ततम आश्रम फ्लाईओवर का काम तय समय सीमा में नहीं हो पाया, जाम के झाम से लोग परेशान

गौरतलब है कि दिल्ली के आश्रम फ्लाईओवर के एक्सटेंशन के काम के लिए इसको बंद कर दिया गया था। आश्रम फ्लाईओवर के बंद होने की वजह से दिल्ली-नोएडा और गाजियाबाद जाने-आने वाले रुट पर ट्रैफिक का काफी दबाव बढ़ गया है, जिससे लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। आश्रम फ्लाईओवर को डीएनडी फ्लाईओवर से जोड़ने की समय सीमा 15 फरवरी निर्धारित की गई थी, उसके बाद इस समय सीमा को 28 फरवरी तक बढ़ा भी दिया गया था। लेकिन आश्रम फ्लाईओवर के एक्सटेंशन के काम की समय सीमा बढ़ा देने के बाद भी आश्रम फ्लाईओवर के एक्सटेंशन का काम अभी पूरा नहीं हो पाया है। डेडलाइन निकल जाने के 13 दिन बाद भी इस फ्लाईओवर पर लगातार काम चल ही रहा है। और लोग जाम की समस्या से जूझ रहे हैं। आश्रम फ्लाईओवर के बंद होने से सबसे ज्यादा असर दिल्ली नोएडा मार्ग और दिल्ली मथुरा मार्ग पर चलने वाले ट्रैफिक पर पड़ा है। इस मार्ग पर चलने वाले लोगों को घंटों जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
आपको बता दें कि सूत्रों के मुताबिक आश्रम फ्लाईओवर के एक्सटेंशन के काम को पूरा होने में अभी 10 से 12 दिन का समय और लग सकता है। क्योंकि आश्रम फ्लाईओवर के एक्सटेंशन का कार्य पूर्ण हो चुका है। इस फ्लाईओवर के एक्सटेंशन के बाद सड़क के छोटे-छोटे कार्य अभी रह गए हैं जैसे लाइटिंग रेलिंग आदि का कार्य इस फ्लाईओवर पर अभी चल रहा है, जिसे पूरा होने में अभी कुछ समय और लगेगा।
आश्रम फ्लाईओवर के एक्सटेंशन के बाद इसका उद्घाटन डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को करना था। अब उनकी गिरफ्तारी और इस्तीफे के बाद इसके उद्घाटन की स्थिति को लेकर भी असमंजस बना हुआ है, फिलहाल इस फ्लाईओवर के अभी तक चालू ना होने से दिल्ली नोएडा, दिल्ली मथुरा मार्ग पर लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
--आईएएनएस
एमजीएच/एएनएम