बलरामपुर की बेटी का कमाल: तांसी सिंह ने जीता 'मिस कर्नाटका जूनियर किड्स' का ताज, जिले में जश्न का माहौल
कड़े मुकाबले में हासिल किया पहला स्थान
कर्नाटक में आयोजित हुई इस जूनियर मॉडल प्रतियोगिता का स्तर काफी ऊंचा था, जिसमें विभिन्न राज्यों के चुनिंदा बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। इन सभी प्रतिभागियों को कड़े मुकाबले में पछाड़ते हुए बलरामपुर की तांसी सिंह ने अपनी रैंप वॉक, आत्मविश्वास और शानदार प्रस्तुति के दम पर 'मिस कर्नाटका जूनियर किड्स' का ताज अपने नाम कर लिया।

पिता ने दिया संदेश— "बेटियों को हमेशा आगे बढ़ाएं"
तांसी के गौरवान्वित पिता उपेंद्र सिंह, जो वर्तमान में कर्नाटक में अपना व्यवसाय करते हैं, ने इस ऐतिहासिक जीत पर बेहद खुशी जाहिर की। उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा:मेरी बेटी ने आज बलरामपुर और हमारे पूरे जिले का मान बढ़ाया है। तांसी की इस बड़ी सफलता का पूरा श्रेय मेरी पत्नी पवित्रा को जाता है, जिन्होंने हर कदम पर उसका मार्गदर्शन किया। मैं इस मंच के माध्यम से सभी अभिभावकों को यही संदेश देना चाहता हूं कि बेटियों को कभी कमजोर न समझें, उन्हें हमेशा आगे बढ़ने के अवसर और हौसला दें।"
गांव में बंटी मिठाई, अन्य बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा
जैसे ही तांसी सिंह के 'मिस कर्नाटका जूनियर किड्स' बनने की खबर उनके पैतृक गांव जेवनार और बलरामपुर पहुंची, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर और आतिशबाजी कर इस ऐतिहासिक पल का जश्न मनाया।
स्थानीय प्रबुद्ध जनों का कहना है कि सुदूर ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर के मंच पर इस तरह का मुकाम हासिल करना बेहद गौरवशाली है। तांसी की यह अभूतपूर्व सफलता आज जिले की हजारों अन्य बेटियों के लिए एक महान प्रेरणा बन गई है।
