बदलते मौसम में बुज़ुर्गों की सेहत पर बढ़ा खतरा, इन बातों का रखें खास ध्यान

Increased Health Risks for the Elderly During Changing Weather: Keep These Points in Mind
 
Increased Health Risks for the Elderly During Changing Weather: Keep These Points in Mind

देश के कई हिस्सों में बदलते मौसम का असर सबसे ज्यादा बुज़ुर्गों की सेहत पर पड़ रहा है। उम्र बढ़ने के साथ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने लगती है, जिससे संक्रमण और पुरानी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। खासतौर पर डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, अस्थमा या हृदय रोग से पीड़ित बुज़ुर्गों को मौसम में बदलाव के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होती है।

विशेषज्ञों के अनुसार तापमान में अचानक बदलाव शरीर के लिए चुनौती बन सकता है। कई बार शरीर को नए मौसम के अनुसार खुद को ढालने में समय लगता है, जिससे कमजोरी, थकान और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ सकती हैं। बुज़ुर्गों में भूख कम लगना, शरीर में ऊर्जा की कमी और संक्रमण से लड़ने की क्षमता कमजोर होना आम बात है। ऐसे में समय रहते देखभाल और सतर्कता बेहद जरूरी हो जाती है।

बदलते मौसम में बढ़ सकता है इन बीमारियों का खतरा

आरएमएल अस्पताल के मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि के मुताबिक, मौसम बदलने पर बुज़ुर्गों में सर्दी-खांसी, वायरल बुखार, सांस लेने में तकलीफ और जोड़ों के दर्द जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं। जिन लोगों को पहले से अस्थमा, सीओपीडी, डायबिटीज या हार्ट डिजीज जैसी पुरानी बीमारियां हैं, उनमें परेशानी और अधिक गंभीर हो सकती है।

इसके अलावा ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव, डिहाइड्रेशन, कमजोरी, शरीर दर्द, नींद की कमी और थकान जैसी समस्याएं भी देखने को मिलती हैं। मौसम में अचानक बदलाव के कारण संक्रमण का खतरा भी अधिक बढ़ जाता है, इसलिए नियमित स्वास्थ्य निगरानी जरूरी है।

बुज़ुर्गों की देखभाल के लिए अपनाएं ये जरूरी उपाय

बदलते मौसम में बुज़ुर्गों को मौसम के अनुसार आरामदायक कपड़े पहनाना चाहिए। पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाना और पौष्टिक भोजन देना भी बेहद जरूरी है। उनके भोजन में ताजे फल, हरी सब्जियां, प्रोटीन और हल्का सुपाच्य आहार शामिल करना फायदेमंद रहता है।

इसके साथ ही उनकी नियमित दवाएं समय पर देना, पर्याप्त आराम करवाना और घर का तापमान संतुलित बनाए रखना चाहिए। बहुत ज्यादा गर्म या ठंडी हवा से बचाव जरूरी है। संक्रमण से बचने के लिए साफ-सफाई और हाथ धोने जैसी आदतों पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।

इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें

अगर बुज़ुर्गों में तेज बुखार, लगातार खांसी, सांस फूलना, सीने में दर्द, अत्यधिक कमजोरी या भ्रम जैसी स्थिति दिखाई दे तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। ये लक्षण गंभीर संक्रमण या किसी बड़ी स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकते हैं।इसके अलावा भूख बिल्कुल कम हो जाना, पेशाब कम आना, चक्कर आना, शरीर में अचानक सूजन बढ़ना या सामान्य से अधिक सुस्ती महसूस होना भी चिंता का विषय हो सकता है। समय पर इलाज और सही देखभाल से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।

Tags