Social Media Romance: 1020 किलोमीटर दूर से 5 ट्रेन बदलकर प्रेमी के घर पहुंची युवती, बिना मोबाइल ढूंढ निकाला घर

Social Media Romance: Young woman travels 1,020 km, changing five trains, to reach her lover's home—and finds the house without a mobile phone.
 
1020 किलोमीटर दूर से 5 ट्रेन बदलकर प्रेमी के घर पहुंची युवती, बिना मोबाइल ढूंढ निकाला घर
सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती कब प्यार में बदल गई, इसका अंदाजा झारखंड की रहने वाली प्रीति और मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी धीरज आर्य की कहानी से लगाया जा सकता है। दोनों की पहचान वर्ष 2022 में सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ा और दोनों एक-दूसरे के करीब आते गए। हालात ऐसे बने कि प्रीति ने अपने प्रेमी से मिलने के लिए करीब 1020 किलोमीटर का सफर तय किया और पांच ट्रेनें बदलकर ग्वालियर पहुंच गईं।

सोशल मीडिया पर हुई थी पहली मुलाकात

बताया गया कि वर्ष 2022 में प्रीति और धीरज की सोशल मीडिया के जरिए जान-पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और लगातार बातचीत करने लगे। करीब एक साल तक बातचीत के बाद दोनों की मुलाकात भी हुई। धीरज प्रीति से मिलने झारखंड पहुंचा था। हालांकि, दोनों के रिश्ते को प्रीति के परिवार की मंजूरी नहीं मिली। परिवार की ओर से विरोध बढ़ने के बाद कुछ समय के लिए दोनों की बातचीत भी बंद हो गई।

परिवार ने छीना मोबाइल, फिर भी जारी रही बातचीत

प्रीति के मुताबिक, परिवार ने उसका मोबाइल फोन ले लिया था। इसके बाद धीरज ने उसे दूसरा फोन उपलब्ध कराया, जिससे दोनों दोबारा संपर्क में आ गए। हालांकि, परिवार को इसकी जानकारी होने के बाद कथित तौर पर उस पर और पाबंदियां लगा दी गईं। प्रीति ने आरोप लगाया कि परिवार की ओर से उसके साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद उसने ग्वालियर जाकर धीरज के साथ रहने का फैसला किया।

पांच ट्रेन बदलकर पहुंची ग्वालियर

प्रीति झारखंड के जमशेदपुर से ग्वालियर के लिए रवाना हुई। इस दौरान उसने करीब 1020 किलोमीटर की दूरी तय की और पांच ट्रेनें बदलीं। खास बात यह रही कि उसके पास मोबाइल फोन नहीं था। इसके बावजूद वह ग्वालियर पहुंची और धीरज का घर तलाश लिया। ग्वालियर पहुंचने के बाद दोनों ने आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली।

शादी के बाद सुरक्षा की लगाई गुहार

शादी के बाद प्रीति और धीरज का दावा है कि परिवार की ओर से उन्हें धमकियां मिल रही हैं। दोनों का कहना है कि परिजन ग्वालियर पहुंच चुके हैं और उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इसी को लेकर दोनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की मांग की है।

क्या कहा प्रीति ने?

प्रीति का कहना है कि सोशल मीडिया से शुरू हुई पहचान धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई। उसके मुताबिक, परिवार उसकी शादी किसी दूसरे युवक से कराना चाहता था। इसी वजह से वह पांच ट्रेन बदलकर जमशेदपुर से ग्वालियर पहुंची और धीरज के साथ आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली।प्रीति ने यह भी दावा किया कि शादी के बाद उसके परिजन दोनों को धमकी दे रहे हैं, जिसके चलते उसने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।

प्राइवेट टीचर है धीरज

धीरज आर्य के मुताबिक, प्रीति से उसकी बातचीत करीब तीन साल पहले सोशल मीडिया के माध्यम से शुरू हुई थी। धीरज एक निजी शिक्षक है और बच्चों को कोचिंग पढ़ाकर अपना जीवनयापन करता है। प्रीति और धीरज की ओर से लगाए गए धमकी और मारपीट के आरोपों पर पुलिस की कार्रवाई और जांच की स्थिति के आधार पर आगे की तस्वीर स्पष्ट होगी।

Tags