पुलिस भर्ती परीक्षा ड्यूटी के दौरान बुजुर्ग महिला की मदद में घायल हुए सिविल डिफेंस वार्डेन

 
up police bharti

लखनऊ, 13 जून 2026:
पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की सहायता के लिए आलमनगर रेलवे स्टेशन पर सिविल डिफेंस की ओर से विशेष कैम्प लगाया गया था, जहां वॉलिंटियर्स और वार्डेनों की ड्यूटी सुनिश्चित की गई थी। इसी दौरान मानवता और सेवा भावना का एक उदाहरण सामने आया, जब ड्यूटी पर तैनात एक वार्डेन यात्रियों की मदद करते हुए घायल हो गए।

मंगलवार को रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो से एक ट्रेन रवाना होने वाली थी। इसी बीच एक परिवार ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में प्लेटफॉर्म नंबर एक से दो पर जाने के लिए रेलवे पटरियों को पार कर ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगा। परिवार की एक बुजुर्ग महिला ट्रेन में चढ़ने में असमर्थ थीं।

स्थिति को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात राजाजीपुरम प्रखंड के डिप्टी डिविजनल वार्डेन रामगोपाल सिंह महिला की सहायता के लिए प्लेटफॉर्म से नीचे उतरकर पटरियों की ओर पहुंचे। इसी दौरान दूसरी पटरी पर उनका पैर फिसल गया, जिससे उनके चेहरे, हाथ और पैर में अंदरूनी चोटें आ गईं। चोटिल होने के बावजूद उन्होंने मदद का प्रयास जारी रखा।

मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम के डॉक्टर ने तत्काल प्राथमिक उपचार और दवा उपलब्ध कराई। घटना की जानकारी मिलने पर कैम्प में पहुंचे चीफ वार्डेन अमरनाथ मिश्रा, स्टाफ ऑफिसर ऋतुराज रस्तोगी तथा सीनियर एडीसी मनोज वर्मा ने रामगोपाल सिंह का हौसला बढ़ाया और बेहतर इलाज के लिए उन्हें कल्पना नर्सिंग होम भेजा गया।

नर्सिंग होम में डॉ. ज़ियाराम वर्मा द्वारा उनका उपचार किया गया, जहां उन्हें इंजेक्शन और आवश्यक दवाएं दी गईं। घटना के चार दिन बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर रामगोपाल सिंह ने कहा, “जब सेवा का भाव हो, तो चुनौतियों का सामना भी करना पड़ता है।”

हालांकि, रेलवे पटरियों को पार करना खतरनाक और नियमों के विरुद्ध माना जाता है। ऐसे में यात्रियों से अपील की जाती है कि वे फुटओवर ब्रिज या निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें।

Tags