सी.एम.एस. की मेजबानी में अन्तर्राष्ट्रीय आर्केस्ट्रा का भव्य आयोजन २८ अक्टूबर को २७ देशों के ३०० कलाकारों की अनूठी संगीतमय प्रस्तुति से रूबरू होंगे लखनऊवासी

CMS lucknow
 

ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल की मेजबानी में आगामी २८ अक्टूबर, शनिवार को इण्टरनेशनल आर्केस्ट्रा का भव्य आयोजन सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में सायं ६.०० बजे से किया जा रहा है, जिसमें २७ देशों के ३०० से अधिक संगीतज्ञ एक साथ एक छत के नीचे वैश्विक धुनों व संस्कृतियों का अनुपम संगम प्रस्तुत करेंगे एवं विश्व स्तरीय संगीतमय प्रस्तुति से लखनऊवासियों को रोमांचित करेंगे। 'कार्मिना बुराना' नाम से विश्वप्रसिद्ध इस अन्तर्राष्ट्रीय आर्केस्ट्रा प्रस्तुति में २०० से अधिक गायक व १०० से अधिक संगीतकार जर्मन संगीतकार कार्ल ओर्फ द्वारा रचित गीतों को एकल गायन व सामूहिक प्रस्तुतिकरण के साथ दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। यह जानकारी आज यहाँ आयोजित एक प्रेस कान्फ्रेन्स में इण्टरनेशनल आर्केस्ट्रा 'कार्मिना बुराना' की मेजबान सी.एम.एस. राजाजीपुरम (प्रथम कैम्पस) की वरिष्ठ प्रधानाचार्या सुश्री निशा पाण्डेय ने पत्रकारों को दी। श्रीमती पाण्डेय ने बताया कि यह अन्तर्राष्ट्रीय संगीत समारोह इण्डिया नेशनल यूथ आर्केस्ट्रा, फिलहार्मोनिक वियना आर्केस्ट्रा, आस्ट्रिया, एसोसिएटेड बोर्ड ऑफ रायल स्कूल ऑफ म्यूजिक (ए.बी.आर.एस.एम.), लंदन एवं सिटी मोन्टेसरी स्कूल, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जो कि भारत-आस्ट्रिया के ७५ वर्षीय राजनैतिक सहयोग को नई ऊँचाइयों पर ले जाने में महती भूमिका निभायेगा।

प्रेस कान्फ्रेन्स को संबोधित करते हुए श्रीमती पाण्डेय ने आगे कहा कि 'कार्मिना बुराना' का प्रस्तुतिकरण प्रख्यात संगीतज्ञ विजय उपाध्याय के नेतृत्व में किया जायेगा, जिनमें लगभग १०० वाद्ययंत्रों के साथ सामूहिक गायन प्रस्तुतियाँ होंगी। इसके अलावा, एकल गायन में सुश्री जीनस येगन, सोप्रानो लुइस कार्लोस, हर्नान्डेज ल्यूक, टेनर जुबिन अमीरी एवं चैरिटोन अपनी स्वरलहरियों की छटा बिखेरकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। श्रीमती पाण्डेय ने बताया कि इस अन्तर्राष्ट्रीय संगीत महोत्सव में जिन २७ देशों के कलाकार प्रतिभाग कर रहे हैं, उनमें आस्ट्रिया, अर्जेन्टीना, बोस्निया एण्ड हर्जेगोविना, ब्रिटेन, कनाडा, चीन, क्रोएशिया, साइप्रस, ग्रीस, चेक रिपब्लिक, जर्मनी, इजिप्ट, फिनलैंड, हंगरी, इटली, न्यूजीलैंड, पोलैण्ड, रूस, स्लोवाकिया स्लोवेनिया, साउथ अफ्रीका, साउथ कोरिया, स्पेन, स्विटजरलैण्ड, अमेरिका, वेनेजुएला एवं भारत प्रमुख हैं।

सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने इस अवसर पर कहा कि यह अन्तर्राष्ट्रीय आर्केस्ट्रा 'जय जगत' अर्थात समस्त मानवता का कल्याण हो' की भावना पर आधारित है। सी एम एस का मानना है कि संगीत लोगों के बीच की दूरियों को मिटाकर एकता से सूत्र में पिरोने का सशक्त माध्यम है। उद्देश्यपूर्ण संगीत एवं ललित कलाओं की उपेक्षा के कारण आज समाज से संवेदनशीलता समाप्त होती जा रही है। ऐसे में यह संगीत महोत्सव लघु विश्व की अनूठी झाँकी प्रस्तुत करेगा साथ ही विश्व एकता व विश्व शान्ति का उद्घोष भी करेगा।

सी.एम.एस. के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि नवाबों के इस शहर लखनऊ को अपने संगीत की सांस्कृतिक परम्परा पर गर्व है और अब इसी कड़ी में इण्टरनेशनल आर्केस्ट्रा के माध्यम से लखनऊवासी एक लाजवाब एवं आत्ममुग्ध कर देने वाली कला से रूबरू होंगे। श्री शर्मा ने बताया कि इस अन्तर्राष्ट्रीय संगीत समारोह का पहला प्रदर्शन आस्ट्रिया की वियना यूनिवर्सिटी में अभी हाल ही में सम्पन्न हुआ है। दूसरा प्रदर्शन सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में आगामी २८ अक्टूबर को सम्पन्न होगा जबकि तीसरा प्रदर्शन ३० अक्टूबर को नई दिल्ली के लोटस टेम्पल के बहाई ऑडिटोरियम में किया जायेगा।

Share this story