यूपी के इस 20 वर्षीय युवा को अंतर्राष्ट्रीय संस्था ने विशेषज्ञों के पैनल में किया शामिल, वजह जानकर रह जायेंगे हैरान।

Aman kumar
 

बागपत/यूपी। तकनीकी नवाचार से सामाजिक बदलाव के अनुकरणीय मॉडल पर कार्य कर रहे ट्यौढी गांव के युवा अमन कुमार ने फिर एक उपलब्धि हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। शैक्षिक नवाचार पर कार्य कर रही फिनलैंड देश की अंतरराष्ट्रीय संस्था हंड्रेड ने 20 वर्षीय युवा अमन को 150 विशेषज्ञों की टीम में शामिल किया है। विशेषज्ञों की यह टीम, हंड्रेड इनोवेशन ग्लोबल कलेक्शन सूची के लिए विश्वभर से संस्था को प्राप्त हुए प्रोजेक्टों की समीक्षा कर अपनी राय देगी। अमन सहित अन्य विशेषज्ञों की राय के आधार पर हंड्रेड की शैक्षिक नवाचार ग्लोबल कलेक्शन 2024 सूची के लिए विश्वभर से 100 सर्वश्रेष्ठ प्रोजेक्ट चयनित किए जाएंगे। 

हंड्रेड की यह सूची प्रत्येक वर्ष नवंबर माह में जारी की जाती है जिसके आधार पर सूची में दर्ज हुए प्रोजेक्टों को अंतर्राष्ट्रीय मान्यता मिलती है। इस सूची में शामिल होने के लिए विश्वभर से बडी संख्या में आवेदन प्राप्त होते है जिसमें सभी प्रोजेक्टों की गहन समीक्षा और रिसर्च के बाद ही उनको सूची में स्थान मिलता है। विगत वर्ष इस एक्सपर्ट पैनल में भारत से महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन फॉर पीस एंड सस्टेनेबल डेवलपमेंट की राष्ट्रीय कार्यक्रम अधिकारी अदिति पाठक सहित तमाम विशेषज्ञों को पैनल में शामिल किया गया था। विगत वर्ष की सूची में भारत से स्लेम आउट लाउड और डिजाइन फॉर चेंज ने हॉल ऑफ़ फेम श्रेणी में स्थान पाया था। 

उल्लेखनीय है कि युवाओं के समूह उड़ान युवा मंडल की अध्यक्षता करते हुए अमन कुमार ने शून्य लागत से सूचना संचार प्रौद्योगिकी आधारित प्रोजेक्ट कॉन्टेस्ट 360 के माध्यम से मात्र 18 महीनों में 70 लाख से अधिक लोगों को विभिन्न शैक्षिक कार्यक्रमों एवं संसाधनों की जानकारी देकर युवा नवाचारक के रूप में अपनी पहचान बनाई जिसके आधार पर उनका चयन किया गया। पूर्व में अमन ने हंड्रेड के यूथ एंबेसडर के रूप में सराहनीय कार्य करते हुए संस्था के विभिन्न कार्यक्रमों में अपना योगदान दिया था। अमन वर्तमान में नेहरू युवा केन्द्र बागपत के स्वयंसेवक और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय में समाज कार्य प्रथम वर्ष में अध्ययनरत है।

Share this story