सरस्वती शिशु विद्या मंदिर टटीरी में रंगोली प्रतियोगिता, 102 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
32 समूहों में विद्यार्थियों ने बनाई आकर्षक और संदेशपरक रंगोलियां, विजेताओं को पुरस्कार देकर किया गया सम्मानित
टटीरी (बागपत), 5 नवंबर। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और कलात्मक कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, टटीरी में भव्य रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यालय के 102 छात्र-छात्राओं ने 32 समूहों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने रंगों और कल्पनाशीलता के मेल से आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियां बनाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल में नगर संघ चालक डॉ. सुभाष, सह नगर संघ चालक प्रवीन चन्द तथा वैदिक कन्या इंटर कॉलेज की पूर्व प्रधानाचार्या मिथिलेश बंसल शामिल रहीं। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम स्थान प्राप्त समूह के विद्यार्थियों को पुरस्कार और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जिला प्रचारक अनुज कुमार तथा विद्या भारती के जिला प्रशिक्षण प्रमुख ऋषभ ढाका भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य उपेन्द्र शर्मा सहित गजेंद्र शर्मा, अंकुश कुमार, लोकेश कुमार, सुदेश, कविता, प्रतिभा तथा विद्यालय का समस्त आचार्य परिवार और कर्मचारी मौजूद रहे।

