छठ पूजा के लिए लखनऊ में 110 घाट तैयार, जीरो वेस्ट पर्व बनाने की नगर निगम की पहल

आठ जोनों में 47 प्रमुख और 63 छोटे घाटों पर सफाई, रोशनी और सजावट के इंतजाम; श्रद्धालुओं के लिए पानी के टैंकर, मोबाइल टॉयलेट और कंट्रोल रूम की व्यवस्था

 
छठ पूजा के लिए लखनऊ में 110 घाट तैयार, जीरो वेस्ट पर्व बनाने की नगर निगम की पहल

लखनऊ, 12 नवंबर। छठ पूजा के अवसर पर राजधानी लखनऊ में श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। योगी सरकार की मंशा के अनुरूप नगर निगम के सभी आठ जोनों में गोमती नदी सहित विभिन्न जलाशयों के किनारे स्थित कुल 110 घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इनमें 47 प्रमुख और 63 छोटे घाट शामिल हैं।

नगर निगम की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, रंगाई-पुताई और सजावट का काम कराया गया है। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक सुविधाओं के साथ निगरानी के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

घाटों पर सफाई, रोशनी और पेयजल की व्यवस्था

नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर प्रमुख घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया है। घाटों की रंगाई-पुताई, झालरों से सजावट और कूड़ा एकत्र करने के लिए डस्टबिन लगाए गए हैं। छोटे घाटों पर भी साफ-सफाई और सजावट की व्यवस्था की गई है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न घाटों पर पानी के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट उपलब्ध कराए गए हैं। व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए सभी घाटों पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं, ताकि पर्व के दौरान किसी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।

ui89u

अर्पण कलश से मिलेगा जीरो वेस्ट छठ का संदेश

छठ पूजा को पर्यावरण के अनुकूल और जीरो वेस्ट पर्व बनाने के लिए नगर निगम ने विशेष पहल की है। इसके तहत प्रत्येक घाट पर अर्पण कलश स्थापित किए गए हैं। श्रद्धालु पूजा के बाद बची सामग्री को नदियों और जलाशयों में प्रवाहित करने के बजाय इन निर्धारित कलशों में डाल सकेंगे।

घाटों पर सफाई मित्रों की तैनाती भी की गई है। उनकी जिम्मेदारी पूजा सामग्री और अन्य कचरे को एकत्र कर उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित करना है। नगर निगम का उद्देश्य है कि पर्व की धार्मिक परंपराओं के साथ-साथ स्वच्छता और जलस्रोतों के संरक्षण का संदेश भी जन-जन तक पहुंचे।

999

आठों जोनों के प्रमुख छठ घाट

नगर निगम ने सभी आठ जोनों में प्रमुख घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं की हैं। जोनवार प्रमुख घाटों की सूची इस प्रकार है:

  • जोन-1: लक्ष्मण मेला घाट और लल्लूमल घाट।

  • जोन-2: लेटे हनुमान मंदिर घाट।

  • जोन-3: बैरल नंबर-2, सांझिया घाट और झूलेलाल घाट।

  • जोन-4: गोमती नगर विस्तार।

  • जोन-5: स्कूटर इंडिया और गौरी बाजार।

  • जोन-6: कुड़िया घाट और मेहंदी घाट।

  • जोन-7: कुकरैल घाट।

  • जोन-8: सैनिक स्कूल बोटिंग क्लब घाट।

kopi

नगर निगम का कहना है कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन की कोशिश है कि राजधानी में छठ महापर्व श्रद्धा, सुरक्षा और स्वच्छता के माहौल में संपन्न हो तथा जीरो वेस्ट आयोजन का संदेश भी मजबूत हो।

Tags