विज्ञान प्रदर्शनी में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, 110 छात्राओं ने प्रस्तुत किए 60 मॉडल

चिनहट के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में विज्ञान प्रदर्शनी 2026-27 का आयोजन, ड्रोन, रोबोटिक्स कार और स्मार्ट कृषि मॉडल रहे आकर्षण का केंद्र

 
srter

लखनऊ, 27 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, चिनहट में मंगलवार को विज्ञान प्रदर्शनी 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में कक्षा 9 से 12 तक की 110 छात्राओं ने प्रतिभाग करते हुए कुल 60 मॉडल प्रस्तुत किए। छात्राओं ने विज्ञान, गणित, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान और भौतिक विज्ञान से जुड़े मॉडलों के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार तथा विशिष्ट अतिथि मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रश्मि गुप्ता ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ और स्मृतिचिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने अन्य अतिथियों का भी अभिनंदन किया।

प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि, प्रधानाचार्या और अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया। इसके बाद अतिथियों ने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी कार्यप्रणाली, वैज्ञानिक आधार एवं व्यावहारिक उपयोगिता के बारे में जानकारी प्राप्त की। छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ अपने मॉडलों की विशेषताओं और उपयोगिता को समझाया।

स्मार्ट कृषि और बाढ़ चेतावनी मॉडल ने दिखाई उपयोगिता

प्रदर्शनी में रसायन विज्ञान के अंतर्गत बोर-बरी योजना के अनुसार इलेक्ट्रॉनों के वितरण और यौगिकों की संरचना से संबंधित मॉडल प्रस्तुत किए गए। जीव विज्ञान में आंख की संरचना का त्रि-आयामी मॉडल, जबकि भौतिक विज्ञान में प्रकाश के परावर्तन से जुड़े मॉडल प्रदर्शित किए गए।

इसके अलावा स्मार्ट एवं सतत कृषि, ड्रेनेज क्लीनर और बाढ़ चेतावनी जैसे उपयोगी विषयों पर भी मॉडल तैयार किए गए। गणित से संबंधित रोचक एवं मनोरंजक मॉडलों ने भी ध्यान आकर्षित किया।

मुख्य अतिथि ने विद्यालय की अटल टिंकरिंग लैब और स्टेम लैब में छात्राओं द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट भी देखे। इनमें ड्रोन, रोबोटिक्स कार और 3डी प्रिंटर से तैयार किए गए खिलौने प्रमुख रहे। अतिथियों ने छात्राओं के प्रयासों और उनकी रचनात्मकता की सराहना की।

777

डॉ. दिनेश कुमार ने छात्राओं का बढ़ाया उत्साह

मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रदर्शनी में प्रस्तुत प्रत्येक मॉडल नवीन विचारों और वैज्ञानिक सोच को दर्शाता है। उन्होंने दैनिक जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाने वाले मॉडलों की सराहना की और विश्वास जताया कि ये मॉडल आगामी विज्ञान प्रतियोगिताओं में विद्यालय को नई पहचान दिलाने में सहायक होंगे।

सीनियर वर्ग में वंशिका, विजेता, रिया और नंदिनी शर्मा ने बेहतर प्रस्तुतीकरण किया। वहीं जूनियर वर्ग में शिखा यादव, मानसी, रुचि और शालू सहित अन्य छात्राओं ने अपने मॉडलों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

मॉडलों का मूल्यांकन सामाजिक विषय, विज्ञान, भाषा और गणित के शिक्षकों के निर्णायक मंडल ने वैज्ञानिकता, नवाचार, उपयोगिता तथा प्रस्तुतीकरण के आधार पर किया।

शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन

प्रदर्शनी के सफल आयोजन में श्रीमती वैशाली सिंह, निरुपमा सिंह, प्रिया सरोज, प्रभा पाण्डेय, सुनीता सिंह, सरला गुप्ता, गुलाब जायसवाल, डॉ. अंकिता मुखर्जी, रेनू जायसवाल, ऋतु शुक्ला, इन्दू त्रिपाठी, ममता वर्मा और सुष्मिता सहित अन्य शिक्षिकाओं का योगदान रहा।

प्रधानाचार्या श्रीमती रश्मि गुप्ता ने कहा, “विज्ञान की तार्किक दृष्टि और शिक्षा के मानवीय मूल्यों के समन्वय से विद्यालय को उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों तक ले जाना मेरा संकल्प है।”

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और अन्य अतिथियों ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रदर्शनी ने छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने का अवसर प्रदान किया।

Tags