बालाजी ग्रुप ऑफ स्कूल्स के रक्तदान शिविर में 13 लोगों ने किया महादान, जरूरतमंदों को मिलेगा जीवनदान
शिविर का मुख्य उद्देश्य थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में भर्ती मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना और आमजन को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा।
।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के प्रबंधक अंकुर माथुर ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने में सहायक हो सकती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लें और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाएं।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। रक्तदान से पहले सभी इच्छुक रक्तदाताओं के स्वास्थ्य, हीमोग्लोबिन स्तर और रक्तचाप (बीपी) की विधिवत जांच की गई। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद पात्र लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
रक्तदान करने वालों में बालाजी किड्स की अध्यापिका रवनीत कौर और आलशिफा खान, बालाजी अकादमी की अध्यापिका शिफाली सिंह और श्रेया जायसवाल, बालाजी किंगडम ऑफ स्पोर्ट्स के कोच मुकेश यादव तथा समाजसेवी सारा सुहैल, मोहम्मद जैद, विनायक, कुश, अभिषेक चौधरी, अमीर खान, सुनील और अल्तमस शामिल रहे।
शिविर के समापन पर संस्था के प्रबंधक अंकुर माथुर ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, पैरामेडिकल टीम और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संस्था की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा स्वल्पाहार भी वितरित किया गया।
इस अवसर पर संस्था के सदस्य मोहम्मद फज़ल, अहमर शाहबाज़, मोहम्मद सलीम, रंजीत, आशीष, पीयूष सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संदेश: रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवन देने का अनमोल अवसर है।
