गोंडा में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद से जुड़े 17 नए सदस्य
कार्यक्रम में अवध प्रांत अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल बीरेंद्र सिंह तोमर, अवध प्रांत महासचिव सूबेदार मेजर बी.एल. वर्मा, लखनऊ जिला अध्यक्ष वारंट ऑफिसर ललित मोहन पंत तथा लखनऊ जिला सहसचिव चीफ पेटी ऑफिसर घनश्याम केसरी की उपस्थिति रही।

बैठक का शुभारंभ आपसी परिचय, पुष्पांजलि और संगठन गीत के साथ हुआ। इसके बाद अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के उद्देश्य, संगठन की आवश्यकता, अब तक किए जा रहे कार्यों, आगामी कार्यक्रमों तथा प्रस्तावित एजीएम सहित विभिन्न विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

उपस्थित सदस्यों ने वक्ताओं के विचारों का करतलध्वनि और जयकारों के साथ स्वागत किया।
अवध प्रांत अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल बीरेंद्र सिंह तोमर ने अपने संबोधन में संगठन के उद्देश्यों और सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के हित में एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उनका संबोधन और संगठन के प्रति समर्पण उपस्थित सदस्यों के लिए प्रेरणादायक रहा।

अवध प्रांत महासचिव सूबेदार मेजर बी.एल. वर्मा ने भी संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना को लेकर अपने विचार रखे। लखनऊ जिला अध्यक्ष वारंट ऑफिसर ललित मोहन पंत ने बैठक का संचालन करते हुए संगठन की भूमिका और सदस्यों की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। वहीं जिला सहसचिव चीफ पेटी ऑफिसर घनश्याम केसरी का संबोधन भी सराहनीय रहा।

गोंडा जिले की नवनियुक्त कार्यकारिणी के अध्यक्ष सूबेदार मेजर शत्रुहन मौर्या ने बैठक की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपने संबोधन में संगठन को मजबूत बनाने और पूर्व सैनिकों को एकजुट कर राष्ट्र एवं समाजहित में कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उनकी व्यवस्था और विचारों की उपस्थित सदस्यों ने सराहना की।

बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने अपने-अपने विचार साझा किए तथा अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रति अपनी निष्ठा और आस्था व्यक्त की। इस दौरान बलरामपुर के जिला अध्यक्ष कैप्टन के योगदान की भी उपस्थित सदस्यों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
बैठक में बहराइच और श्रावस्ती से पहुंचे सदस्यों का भी गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में संगठन की एकजुटता और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ ‘जय हिंद’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जिंदाबाद’ के जयघोष किए गए। बैठक के दौरान कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों की झलकियां भी प्रस्तुत की गईं।
