मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में 2187 लोगों ने कराई जांच, मिले उपचार
बलरामपुर, रविवार। जनपद बलरामपुर में रविवार को सभी 31 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कुल 2187 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं।
जांच करवाने वालों में 938 पुरुष, 746 महिलाएं और 503 बच्चे शामिल रहे। मेलों में पंजीकरण के बाद मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप व शुगर परीक्षण, टीबी एवं कुष्ठ रोग की जांच, नेत्र एवं दंत परीक्षण जैसे कई स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
गर्भवती महिलाओं के लिए एएनसी जांच, परिवार नियोजन से संबंधित परामर्श तथा बच्चों का टीकाकरण भी किया गया। इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी गई। दवा वितरण काउंटर पर मरीजों को निःशुल्क दवाएं प्रदान की गईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरा एकडंगा पहुंचकर आयोजन की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का मुख्य उद्देश्य आमजन को सहज, निःशुल्क और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। सीएमओ ने जनपद के लोगों से इन मेलों में नियमित रूप से भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की।
