ज्ञान प्रसार संस्थान का 23वां वार्षिक समारोह संपन्न, समाजसेवा के 24 वर्षों की यात्रा को किया याद
लखनऊ डेस्क, आर.एल. पाण्डेय।ज्ञान प्रसार संस्थान का 23वां वार्षिक समारोह विवेक खंड स्थित श्री जी.बी. सिंह फाउंडेशन परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान की शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों के साथ वंचित वर्ग के बच्चों के लिए किए जा रहे शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता संबंधी प्रयासों को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री मृत्युंजय प्रसाद गुप्त, संपादक विश्व विधायक एवं संसद से सड़क तक, ने बच्चों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने संस्थान की ओर से शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

15-20 बच्चों से शुरू हुआ सफर, अब 100 से अधिक बच्चों को निशुल्क शिक्षा
संस्थान की अध्यक्ष श्रीमती नीरजा द्विवेदी ने संस्थान की 24 वर्षों की सामाजिक सेवा यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 में महज 15-20 वंचित बच्चों से शुरू हुआ यह प्रयास आज प्रतिदिन 100 से अधिक बच्चों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध करा रहा है। अब तक हजारों बच्चे संस्थान की गतिविधियों से लाभान्वित हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि आर्थिक सहयोग और उचित मार्गदर्शन के माध्यम से संस्थान से जुड़े कई विद्यार्थियों ने एलएल.बी., एम.कॉम., पॉलिटेक्निक, फिजियोथेरेपी, बी.एड., बी.ए. और बी.कॉम. जैसी उच्च शिक्षा हासिल की है। वहीं, कई अन्य बच्चों को विभिन्न आजीविका एवं कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया गया। श्रीमती नीरजा द्विवेदी ने संस्थान की इस यात्रा में श्रीमती सुशीला शर्मा, श्रीमती प्रियम्बदा देवी मिश्रा, परिवार के सदस्यों एवं शिक्षकों के योगदान को भी स्मरण किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह के दौरान बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अक्षत मौर्य, नेहा, निशा, सबा और कहकशाँ की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के आयोजन एवं व्यवस्थाओं में श्री जी.बी. सिंह फाउंडेशन की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। फाउंडेशन के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. प्रदीप सिंह ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं वरिष्ठ शिक्षकों को पौधे एवं ट्रॉफियां भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही 50 उत्कृष्ट विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए।

शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक सेवा को समर्पित फाउंडेशन
धन्यवाद ज्ञापन के दौरान श्री एम.सी. द्विवेदी, आईपीएस, डीजीपी (सेवानिवृत्त) ने फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती मीना सिंह के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 से स्वर्गीय श्री जी.बी. सिंह की प्रेरणा से फाउंडेशन शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कल्याण के साथ राष्ट्रभावना, नैतिक मूल्यों और लोकसेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।
समारोह में गोकर्ण सिंह, ब्रजेश्वरी जायसवाल, सुमन जायसवाल, संजय निगम, पी.के. सिंह, टी.पी. भंडारी, श्रीनिवास पांडे, अवध नरेश तिवारी, सोनू सिंह यादव, जयनारायण सिंह चौहान, शिवम गुप्ता, अंशुमान त्रिपाठी, रोहित त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं अतिथि उपस्थित रहे।
