केकेसी में 24वीं महाविद्यालयी युवा सांस्कृतिक प्रतियोगिता ‘मेधा संवर्धन 2026’ का शुभारंभ आज

The 24th inter-collegiate youth cultural competition, ‘Medha Samvardhan 2026’, begins today at KKC.
 
केकेसी में 24वीं महाविद्यालयी युवा सांस्कृतिक प्रतियोगिता ‘मेधा संवर्धन 2026’ का शुभारंभ आज

ब्यूरो चीफ आर. एल. पाण्डेय लखनऊ। श्री जय नारायण मिश्र महाविद्यालय (केकेसी), लखनऊ में 24वीं महाविद्यालयी युवा सांस्कृतिक प्रतियोगिता ‘मेधा संवर्धन 2026’ का शुभारंभ शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन सुबह 10 बजे मुख्य अतिथि प्रो. अश्विनी मिश्रा, क्षेत्रीय निदेशक, उच्च शिक्षा, लखनऊ द्वारा किया जाएगा।

दो दिवसीय प्रतियोगिता का समापन समारोह 31 अक्टूबर को शाम 3 बजे आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो. बी.एल. शर्मा, संयुक्त निदेशक, उच्च शिक्षा, उत्तर प्रदेश विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे।

महाविद्यालय की सांस्कृतिक समिति की संयोजक प्रो. अलका शर्मा के अनुसार, ‘मेधा संवर्धन 2026’ के अंतर्गत दो दिनों में कुल 22 प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम ‘युवा शक्ति, सृजन व संस्कृति का संगम’ रखी गई है।

प्रतियोगिता में लोक नृत्य, लोकगीत, सुगम संगीत, नृत्य नाटिका, फैशन शो, संस्कृति स्टॉल, डॉक्यूमेंट्री फिल्म, पोस्टर, रंगोली और मेहंदी सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित होंगी। इनमें महाविद्यालय के एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के प्रतिभाग करने की संभावना है।

प्रतियोगिता की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह भी है कि विभिन्न विधाओं में विजयी प्रतिभागियों को आगामी 2 और 3 नवंबर को आयोजित होने वाली अंतर महाविद्यालयी ‘दिव्यांकुर’ प्रतियोगिता में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम का आयोजन उत्सव स्थल, नवीन भवन, कॉमर्स ब्लॉक, श्री जय नारायण मिश्र महाविद्यालय (केकेसी), स्टेशन रोड, चारबाग, लखनऊ में किया जाएगा। उक्त जानकारी महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. के.के. शुक्ल ने दी।

Tags