सरस्वती डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का 27वां संस्थापक दिवस उत्साहपूर्वक सम्पन्न
Saraswati Dental College & Hospital celebrates its 27th Founder's Day with great enthusiasm
Thu, 20 Nov 2025
लखनऊ डेस्क (प्रत्यूष पाण्डेय)। सरस्वती डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, लखनऊ ने इम्प्रेशन्स 2025 के अवसर पर अपना 27वाँ संस्थापक दिवस अत्यंत गरिमामय व उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया। समारोह में सरस्वती ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स की चेयरपर्सन श्रीमती मधु माथुर, एसडीसी एंड एच के प्रेसीडेंट डॉ. रजत माथुर, एसएचआरसी एवं बीएसएम कॉलेज ऑफ नर्सिंग की डायरेक्टर डॉ. स्मिता माथुर, मुख्य अतिथि पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री डॉ. अम्मार रिज़वी, विशेष अतिथि भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन एवं भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला (शुक्स), तथा प्रसिद्ध एडवेंचरर, बेस जम्पर, स्काईडाइवर और टेड स्पीकर अर्चना सरदाना की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
समारोह का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रिंसिपल डॉ. कुणाल साह ने स्वागत संबोधन में कॉलेज की उपलब्धियों और प्रगति पर प्रकाश डालते हुए संस्थापक चेयरमैन कर्नल टी.एस. माथुर के योगदान पर आधारित एक विशेष वीडियो भी प्रदर्शित किया। कार्यक्रम संचालन की जिम्मेदारी डॉ. आयुषी पांडे (जूनियर रेज़िडेंट) ने सुसंयोजित तरीके से निभाई।
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला (शुक्स) जब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े, तो पूरे सभागार में अपार उत्साह देखने को मिला। राष्ट्रीय स्तर के अनुशासन विशेषज्ञ और एनएएसी सलाहकार कमांडर सुमित घोष भी ऑनलाइन मौजूद रहे। शुक्स ने भारतीय वायुसेना में अपनी चयन यात्रा, एक्सिओम-4 स्पेस मिशन और इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर बिताए यादगार पलों को साझा किया। उन्होंने अंतरिक्ष में दंत चिकित्सा की भविष्य की संभावनाओं पर जोर देते हुए कहा अंतरिक्ष में डेंटल प्रोसीजर कैसे होंगे, इस दिशा में और शोध होने चाहिए।”
छात्रों द्वारा पृथ्वी के अंतरिक्ष से दिखने के अनुभव संबंधी प्रश्न पर उन्होंने कहा—
“ब्रह्मांड की असीमित विशालता में पृथ्वी मानवता का सुंदर, शांतिपूर्ण घर है—हमें इसे सुरक्षित रखने और भाईचारे को बढ़ावा देने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।”
उनके शब्दों ने छात्रों और शिक्षकों में नई ऊर्जा का संचार किया।
कार्यक्रम में संगीत, नृत्य और फैशन शो की दिलकश प्रस्तुतियों ने वातावरण को जीवंत बनाए रखा। रोमांचक जीवनशैली के लिए प्रसिद्ध अर्चना सरदाना ने अपने पर्वतारोहण, बेस जंपिंग, स्कूबा डाइविंग और स्काईडाइविंग के अनुभव साझा किए। उन्होंने छात्रों को जोखिम उठाने की क्षमता, नेतृत्व कौशल और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए स्कूबा डाइविंग जैसी गतिविधियों को अपनाने की प्रेरणा दी।
मुख्य अतिथि और प्रेसीडेंट डॉ. रजत माथुर ने छात्रों को नए लक्ष्य निर्धारित करने और चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने की प्रेरणा दी। डॉ. अम्मार रिज़वी ने संस्थान द्वारा आयोजित सुसंगठित और ऊर्जावान आयोजन की सराहना की।
पुरस्कार वितरण समारोह
समारोह में वर्ष 2025 के प्रतिष्ठित सरस्वती रतन पुरस्कार से बैच 2021 के साहिल अग्रवाल को सम्मानित किया गया। अन्य पुरस्कार इस प्रकार रहे—
सर्वश्रेष्ठ यूजी गर्ल: मानसी बिष्ट (इंटर्न)
सर्वश्रेष्ठ यूजी बॉय: मधुर (फाइनल ईयर)
सर्वश्रेष्ठ पीजी बॉय: डॉ. गौरव चौधरी (ऑरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी)
सर्वश्रेष्ठ पीजी गर्ल: डॉ. मीनू चिक्कारा (कंजर्वेटिव एवं एंडोडॉन्टिक्स)
चावला हाउस ने वर्षभर के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ओवरऑल हाउस ट्रॉफी जीती।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ। समारोह न सिर्फ छात्रों की प्रतिभा का प्रदर्शन था, बल्कि स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में गुणवत्ता, नवाचार और सेवा-समर्पण के प्रति सरस्वती डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की निरंतर प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।
