बाल निकुंज में शिक्षक दिवस पर 285 शिक्षकों का सम्मान, 130 शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी मिले पुरस्कार
मां सरस्वती की पूजा से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह की शुरुआत बाल निकुंज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद प्रधानाचार्यों और इंचार्जों के साथ उन्होंने शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों पर पुष्पवर्षा करते हुए आरती उतारी और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
इसके उपरांत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डी.के. अरजवानी, जोनल हेड, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, लखनऊ तथा विशिष्ट अतिथि मनोज कुमार सक्सेना, रीजनल मैनेजर, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, लखनऊ ने बाल निकुंज की विभिन्न शाखाओं के प्रधानाचार्यों और इंचार्जों की मौजूदगी में 285 शिक्षकों को उनकी वार्षिक उपलब्धियों के आधार पर अलग-अलग पुरस्कार प्रदान किए।
शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी किया गया सम्मानित
समारोह में बाल निकुंज की प्रबंधिका पुष्पा जायसवाल ने संस्थान के 130 शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी विभिन्न पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान शिक्षण व्यवस्था में शिक्षकों के साथ-साथ शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के योगदान को भी सराहा गया।
संगीत, नृत्य और नुक्कड़ नाटक ने बांधा समां
सम्मान समारोह के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मनोरंजक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह और उमंग भर दी। संगीत, नृत्य और नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया और पूरे कार्यक्रम का माहौल आनंदमय बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों के साथ प्रबंधिका पुष्पा जायसवाल, प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल, कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, चेयरमैन आयूष जायसवाल, प्रधानाचार्या रश्मि शुक्ला, डॉ. अनूप कुमारी शुक्ला, भगवती भंडारी, विभिन्न शाखाओं के इंचार्ज, शिक्षक-शिक्षिकाएं और शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह के माध्यम से शिक्षकों और कर्मचारियों के योगदान को सम्मानित करते हुए उनके उत्साहवर्धन का संदेश दिया गया।
ओ.पी. वर्मा
मीडिया प्रभारी, बाल निकुंज, लखनऊ
