इंजीनियर्स डे पर शाहजहांपुर में 44 यूनिट रक्तदान, सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में हुआ आयोजन
ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
शाहजहांपुर। राष्ट्रीय इंजीनियर्स डे के अवसर पर उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की ओर से शाहजहांपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में आयोजित शिविर में महासंघ के विभिन्न घटक संघों से जुड़े इंजीनियरों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इस दौरान कुल 44 यूनिट रक्त दान किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के संरक्षक इं. अनिल दीक्षित ने कहा कि देश के प्रथम भारतीय इंजीनियर और भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरय्या की जयंती के अवसर पर हर वर्ष 15 सितंबर को इंजीनियर्स डे मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इसी दिन उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के संस्थापक स्वर्गीय इं. आर.के. दत्ता की पुण्यतिथि भी होती है।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय आर.के. दत्ता का निधन रक्त की कमी के कारण हुआ था। उनकी स्मृति में महासंघ की ओर से प्रत्येक वर्ष 15 सितंबर को पूरे प्रदेश में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में इस वर्ष शाहजहांपुर में भी रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
‘रक्तदान बहुत पुनीत कार्य’
रक्तदान कार्यक्रम के दौरान डिप्लोमा इंजीनियर संघ के जनपद सचिव इं. अहमद मुबीन ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का अत्यंत पुनीत कार्य है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को समय पर जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है।

सिंचाई विभाग शारदा नहर खंड के अधिशासी अभियंता इं. सुनील कुमार भास्कर ने स्वयं रक्तदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “वैज्ञानिक परिकल्पना करते हैं, जिसको मूर्त रूप इंजीनियर देते हैं।” उन्होंने इंजीनियरों की भूमिका को राष्ट्र निर्माण और समाज के विकास से जोड़ते हुए रक्तदान को भी सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
रक्तदान शिविर में मौजूद अधीक्षक डॉ. शोभा बाजपेई ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त से चार लोगों की जान बचाने में मदद मिल सकती है।
सुबह हुआ हवन और श्रद्धांजलि कार्यक्रम
रक्तदान शिविर से पहले सुबह 11 बजे सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में महासंघ के संरक्षक इं. अनिल दीक्षित की उपस्थिति में हवन एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वर्गीय आर.के. दत्ता के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

रक्तदान करने वालों में अधिशासी अभियंता इं. सुनील कुमार भास्कर, सहायक अभियंता रितुराज सिंह, सर्वेश कुमार राठौर, महासंघ के जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह, जनपद सचिव बृजेश कुमार, अवर अभियंता भीमराव, विपिन यादव, मो. जीशान अली, ध्रुव अरोड़ा, कन्हैया, विद्युत विभाग के अजय कुमार यादव, संजीव कुमार, कृष्ण कुमार पटेल, लाल बहादुर गंगवार, शैलेश कुमार, मनोज कुमार, कुलदीप वर्मा, योगेंद्र कुमार, इंद्रेश सिंह, मनोज कुमार, मोहित कुमार, अनूप सागर और रिजवान अहमद सहित अन्य इंजीनियर एवं कर्मचारी शामिल रहे।
कार्यक्रम में अवर अभियंता जगदीश शर्मा, रंजीत सिंह, अरविंद कुमार त्रिपाठी, राम औतार, रामपाल और फुरकान आरिफ समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ. शोभा बाजपेयी, डॉ. गौरी, परामर्शदाता छाया सक्सेना, लैब टेक्नीशियन महेंद्र त्रिपाठी और सतेंद्र कुमार सहित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। इंजीनियर्स डे पर आयोजित इस पहल के माध्यम से महासंघ ने तकनीकी सेवा के साथ सामाजिक सरोकार और मानव सेवा का संदेश भी दिया।
